बांसवाड़ा: स्कूल जा रहे बच्चों की वैन ट्रक से टकराई, एक छात्र की मौत, 6 घायल
राजस्थान के बांसवाड़ा शहर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक स्कूली छात्र की मौत हो गई और छह अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब सेंट पॉल स्कूल के बच्चों को ले जा रही…
राजस्थान के बांसवाड़ा शहर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक स्कूली छात्र की मौत हो गई और छह अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब सेंट पॉल स्कूल के बच्चों को ले जा रही एक वैन ठीकरिया इलाके में सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
इस दुर्घटना में हाउसिंग बोर्ड निवासी छात्र हयन बसानिया (पुत्र डॉ. राजेंद्र बसानिया) की मौके पर ही मौत हो गई। वैन में सवार अन्य बच्चे जानामेड़ी, बाहुबली कॉलोनी और हाउसिंग बोर्ड के रहने वाले थे, जो सुबह अपने स्कूल के लिए निकले थे। हादसे की खबर मिलते ही राजा तालाब थाना पुलिस और स्थानीय लोग फौरन मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने सभी घायल बच्चों को वैन से निकालकर तत्काल ज़िला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, कई बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका आपातकालीन वार्ड में इलाज चल रहा है। एक छात्र, रूद्र (पुत्र रंजन नेमा), जिसकी हालत ज़्यादा नाज़ुक थी, उसे बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर कर दिया गया है।
हादसे की सूचना फैलते ही पीड़ित बच्चों के परिजन बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचने लगे, जिससे वहां का माहौल बेहद गमगीन हो गया। पूरे इलाके में इस घटना को लेकर शोक और चिंता का माहौल है।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलने पर डीएसपी मनीष चारण समेत दो थानों की पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि वैन ने खड़े ट्रक में टक्कर मारी, हालांकि दुर्घटना के असल कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और प्रशासन ने घायलों को सर्वोत्तम उपचार मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।
इनपुट: IANS



