बांकीपुर उपचुनाव: प्रशांत किशोर पर BJP का गंभीर आरोप, चुनावी खर्च सीमा लांघने की चुनाव आयोग से शिकायत
बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जन सुराज के नेता प्रशांत किशोर पर चुनावी खर्च की तय सीमा का उल्लंघन करने और गलत तरीकों से मतदाताओं…
बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जन सुराज के नेता प्रशांत किशोर पर चुनावी खर्च की तय सीमा का उल्लंघन करने और गलत तरीकों से मतदाताओं को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से शिकायत की है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, मंगलवार को भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने पटना में निर्वाचन आयोग के अधिकारियों से मुलाकात कर इस संबंध में एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
भाजपा नेताओं का मुख्य आरोप है कि प्रशांत किशोर ने उपचुनाव में निर्धारित 40 लाख रुपये की व्यय सीमा से कहीं ज़्यादा पैसा खर्च किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने एक प्रेस वार्ता में दावा किया कि इस आरोप के समर्थन में दस्तावेजी सबूत भी चुनाव आयोग को मुहैया कराए गए हैं।
सोशल मीडिया के दुरुपयोग का आरोप
भाजपा ने प्रशांत किशोर पर फर्जी कंपनियों के माध्यम से सोशल मीडिया पर एक बड़ा अभियान चलाने का आरोप लगाया है। शाहनवाज हुसैन के मुताबिक, चुनावी खर्च छिपाने के लिए इन कंपनियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा, "फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर इन्फ्लुएंसर्स को भुगतान किया जा रहा है और कृत्रिम तरीके से चुनावी माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।" भाजपा ने कुछ कंपनियों के नामों का उल्लेख करते हुए उनकी भी जांच की मांग की है।
बिहार सरकार में मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मामले को और गंभीर बताते हुए कहा कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट देश के बाहर से चलाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन विदेशी लोकेशन वाले अकाउंट्स के जरिए बिहार के राजनीतिक माहौल को प्रभावित करने और नेताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां फैलाने की कोशिश हो रही है।
कानूनी कार्रवाई की मांग
पूर्व मंत्री और विधायक जीवेश मिश्रा ने कहा कि प्रशांत किशोर जनप्रतिनिधित्व कानून के प्रावधानों का उल्लंघन कर रहे हैं और इससे जुड़े सभी दस्तावेज आयोग को सौंप दिए गए हैं। प्रतिनिधिमंडल में शामिल विधान परिषद के मुख्य सचेतक जनक राम ने विश्वास जताया कि बांकीपुर की जनता भ्रामक प्रचार से प्रभावित नहीं होगी और विकास के साथ खड़ी रहेगी। भाजपा नेताओं ने चुनाव आयोग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आदर्श आचार संहिता के कथित उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
इनपुट: IANS



