बैंक ऑफ बड़ौदा में 2400 से ज़्यादा भर्तियाँ: आवेदन का कल आखिरी दिन, जानिए पूरी प्रक्रिया
अगर आप बैंकिंग क्षेत्र में नौकरी की तलाश में हैं, तो आपके लिए एक ज़रूरी सूचना है। बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB) ने स्थानीय बैंक अधिकारी (Local Bank Officer - LBO) के 2,482 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मंगाए…
अगर आप बैंकिंग क्षेत्र में नौकरी की तलाश में हैं, तो आपके लिए एक ज़रूरी सूचना है। बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB) ने स्थानीय बैंक अधिकारी (Local Bank Officer - LBO) के 2,482 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मंगाए हैं, लेकिन अप्लाई करने की अंतिम तिथि 7 सितंबर है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इन पदों पर भर्ती रेगुलर आधार पर की जाएगी और इच्छुक उम्मीदवार बैंक की आधिकारिक वेबसाइट के ज़रिए आवेदन कर सकते हैं।
इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 18 अगस्त से ही चल रही है। आवेदन शुल्क सामान्य, EWS और OBC वर्ग के लिए 850 रुपए है, जबकि SC, ST, दिव्यांग और महिला उम्मीदवारों के लिए यह 175 रुपए निर्धारित किया गया है।
कौन कर सकता है आवेदन?
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ ही, भारतीय रिज़र्व बैंक की दूसरी अनुसूची में शामिल किसी भी कॉमर्शियल बैंक में अधिकारी के तौर पर कम से कम एक साल का अनुभव अनिवार्य है। एक और महत्वपूर्ण शर्त यह है कि आवेदक को उस राज्य की स्थानीय भाषा पढ़ने, लिखने, बोलने और समझने में माहिर होना चाहिए, जहाँ के लिए वह आवेदन कर रहा है। आयु सीमा 1 अगस्त के आधार पर न्यूनतम 21 वर्ष और अधिकतम 30 वर्ष तय की गई है, हालांकि आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट मिलेगी।
पदों का विवरण और चयन प्रक्रिया
बैंक ने कुल 2,482 पदों की घोषणा की है, जिनमें से 981 पद सामान्य वर्ग के लिए, 600 ओबीसी, 358 एससी, 240 एसटी और 303 पद EWS श्रेणी के लिए आरक्षित हैं। ये भर्तियाँ कई राज्यों के लिए हैं, जिनमें सबसे ज़्यादा 1,185 पद गुजरात में, 418 कर्नाटक में, 218 महाराष्ट्र में और 132 पद तमिलनाडु में हैं। इसके अलावा आंध्र प्रदेश (80), असम (40), केरल (49), ओडिशा (100) और पश्चिम बंगाल (42) समेत कई अन्य राज्यों में भी रिक्तियाँ हैं।
चयन कैसे होगा: योग्य उम्मीदवारों का चयन कई चरणों की प्रक्रिया के आधार पर होगा। इसमें ऑनलाइन परीक्षा, साइकोमेट्रिक टेस्ट, ग्रुप डिस्कशन (GD) और/या पर्सनल इंटरव्यू (PI) शामिल हो सकते हैं। इसके बाद दस्तावेज़ों का सत्यापन और स्थानीय भाषा प्रवीणता परीक्षा (LPT) भी होगी।
चयनित होने पर उम्मीदवारों को 48,480 रुपए से 85,920 रुपए प्रति माह के वेतनमान के साथ अन्य भत्ते और लाभ भी दिए जाएँगे।
इनपुट: IANS



