बैंकों में 5-दिवसीय सप्ताह पर बनेगी समिति, तीन दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल टली
बैंक कर्मचारियों की 28 सितंबर से प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल फिलहाल टाल दी गई है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार रात हुई एक अहम बैठक…
बैंक कर्मचारियों की 28 सितंबर से प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल फिलहाल टाल दी गई है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार रात हुई एक अहम बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। इस बैठक में दोनों पक्षों के बीच कई लंबित मांगों पर बातचीत जारी रखने पर सहमति बनी, जिसके बाद यूनियनों ने हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार रात करीब 9:30 बजे IBA और UFBU के प्रतिनिधियों ने मुलाकात की। विस्तृत चर्चा के बाद यह तय हुआ कि आंदोलनात्मक कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया जाएगा। इस फैसले से सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और कुछ पुराने निजी बैंकों के ग्राहकों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि हड़ताल से बैंकिंग कामकाज बुरी तरह प्रभावित होने की आशंका थी।
पांच-दिवसीय बैंकिंग पर बनेगी समिति
कर्मचारी संगठनों की सबसे प्रमुख मांगों में से एक, सप्ताह में पांच दिन काम करने की व्यवस्था पर एक महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। बैठक में इस मुद्दे पर विचार के लिए IBA और UFBU की एक उच्च-स्तरीय समिति का तत्काल गठन करने पर सहमति बनी है। यह समिति सभी शनिवार को अवकाश घोषित करने की संभावनाओं का मूल्यांकन करेगी। साथ ही, यह भी सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी कि कोई भी समाधान कर्मचारियों के साथ-साथ बैंक ग्राहकों और अन्य हितधारकों के लिए भी स्वीकार्य हो।
अन्य लंबित मुद्दों पर भी होगी चर्चा
बैठक में स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना का मुद्दा भी उठा। इस पर सहमति बनी है कि यूनियनों की आपत्तियों और सुझावों को शामिल करने के लिए IBA के साथ आगे और बातचीत की जाएगी, ताकि योजना में जरूरी बदलावों का प्रस्ताव सरकार को भेजा जा सके। इसके अलावा, 8 मार्च 2024 को दर्ज किए गए अन्य शेष लंबित मुद्दों पर भी जल्द समाधान निकालने के लिए दोनों पक्ष बातचीत करेंगे।
गौरतलब है कि UFBU ने पांच-दिवसीय बैंकिंग सप्ताह, पेंशन से जुड़े मुद्दों और अन्य कर्मचारी कल्याण मांगों को लेकर 28 सितंबर से तीन दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया था।
इनपुट: IANS



