बांग्लादेश: राजनीतिक हिंसा में 1 की मौत, जज के आवास और बैंक पर बम से हमला
बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव हिंसा का रूप लेता जा रहा है। रविवार को पद्मा पुल के पास सत्तारूढ़ अवामी लीग और विपक्षी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के समर्थकों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक…
बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव हिंसा का रूप लेता जा रहा है। रविवार को पद्मा पुल के पास सत्तारूढ़ अवामी लीग और विपक्षी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के समर्थकों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि दो अन्य को गोली लगी। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना रविवार सुबह करीब 6 बजे हुई।
पुलिस ने इस टकराव को दोनों राजनीतिक दलों के बीच संघर्ष का परिणाम बताया है। यह घटना देश में जारी राजनीतिक अशांति की कई कड़ियों में से एक है। हाल के हफ्तों में बसों में आगजनी, बम विस्फोट और सरकारी प्रतिष्ठानों पर हमलों की घटनाएं बढ़ी हैं। 'द बिजनेस स्टैंडर्ड' अखबार के मुताबिक, पुलिस ने 7 से 27 नवंबर के बीच देशभर में 101 वाहनों में आग लगाए जाने और लगभग 100 कच्चे बम विस्फोटों की पुष्टि की है।
न्यायिक और वित्तीय संस्थानों पर हमले
कुश्तिया जिले में न्यायिक और वित्तीय संस्थानों को भी निशाना बनाया गया। शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे, मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहम्मद इनायत कबीर सरकार के सरकारी आवास पर एक कच्चा बम फेंका। यूनाइटेड न्यूज ऑफ बांग्लादेश (यूएनबी) की रिपोर्ट के अनुसार, बम जज के कमरे के सामने जोरदार धमाके के साथ फटा। धमाके की आवाज़ सुनकर जब सुरक्षाकर्मी बाहर आए, तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
इसी जिले के मीरपुर उपजिला में रविवार तड़के करीब 2:30 बजे ग्रामीण बैंक की एक शाखा पर भी क्रूड बम से हमला किया गया। गौरतलब है कि 10 से 25 नवंबर के बीच ग्रामीण बैंक की 104 शाखाओं और कार्यालयों को निशाना बनाया जा चुका है, जिसके चलते सुरक्षा कारणों से 29 शाखाओं का संचालन अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा है।
कुश्तिया मॉडल पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी मोहम्मद जाकिर हुसैन ने बताया कि न्यायाधीश के आवास पर हुए हमले में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है। इससे पहले भी जिले की जेल और अन्य प्रतिष्ठानों पर इसी तरह के हमले हो चुके हैं, जिनमें प्रतिबंधित बांग्लादेश छात्र लीग के नेताओं की कथित संलिप्तता सामने आई थी।
इनपुट: IANS



