शेख हसीना की घर वापसी? अवामी लीग ने सोशल मीडिया पर किया ऐलान — '16 दिसंबर को आ रही हैं जननेता'
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वतन वापसी को लेकर सियासी सरगर्मियाँ तेज हो गई हैं। उनकी पार्टी बांग्लादेश अवामी लीग ने सोशल मीडिया पर ऐलान किया है कि हसीना 16 दिसंबर को देश लौट रही हैं…
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वतन वापसी को लेकर सियासी सरगर्मियाँ तेज हो गई हैं। उनकी पार्टी बांग्लादेश अवामी लीग ने सोशल मीडिया पर ऐलान किया है कि हसीना 16 दिसंबर को देश लौट रही हैं। यह पहली बार है जब उनकी वापसी के लिए कोई निश्चित तारीख सामने आई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, अवामी लीग ने मंगलवार को कई पोस्ट किए, जिनमें हसीना की तस्वीर के साथ 'जय बांग्ला' और '16 दिसंबर को आ रही हैं जननेता' जैसे नारे लिखे गए हैं।
एक अन्य पोस्ट में बांग्ला भाषा में लिखा गया, "16 दिसंबर तय, तैयार रहो बांग्लादेश, जय बांग्ला।" यह घोषणा उन अटकलों को पुख्ता करती है जो पिछले कुछ महीनों से चल रही थीं। 79 वर्षीय हसीना ने विभिन्न मंचों से बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई थी, लेकिन अब उनकी पार्टी ने तारीख का औपचारिक ऐलान कर दिया है।
क्यों अहम है 16 दिसंबर की तारीख?
बांग्लादेश के इतिहास में 16 दिसंबर का दिन 'विजय दिवस' (विक्ट्री डे) के रूप में मनाया जाता है। इसी दिन 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ मुक्ति संग्राम में बांग्लादेश को जीत मिली थी, जब पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी के सामने आत्मसमर्पण किया था। इस ऐतिहासिक दिन पर हसीना की वापसी की योजना को एक सांकेतिक कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
सरकार से विमान भेजने की मांग
अवामी लीग की सोशल मीडिया घोषणा से पहले, रॉयटर्स न्यूज एजेंसी ने हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली के हवाले से बताया था कि वह 16 दिसंबर को लौटना चाहती हैं। अली के अनुसार, हसीना ने तारिक रहमान सरकार से उन्हें वापस लाने के लिए सरकारी एयरलाइन 'बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस' का विमान भेजने का अनुरोध किया है।
उनके प्रवक्ता ने कहा, "चूंकि 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना को एक बांग्लादेशी विमान से भारत लाया गया था, इसलिए अब वह सरकार से मांग करती हैं कि वह दिल्ली से ढाका तक उनके हवाई सफर की व्यवस्था करे।" अली ने यह भी कहा कि संवैधानिक नियमों के विरुद्ध निर्वासन में भेजने के बाद, अब सरकार की जिम्मेदारी है कि वह 'विजय दिवस' पर उनकी वापसी संभव बनाए। हालांकि, बांग्लादेश सरकार का रुख है कि उन्हें केवल प्रत्यर्पित ही किया जा सकता है।
विद्रोह और सज़ा-ए-मौत
गौरतलब है कि छात्रों के नेतृत्व वाले विद्रोह के बाद शेख हसीना को देश छोड़ना पड़ा था और कुछ ही महीनों में उनके दस्तावेज़ रद्द कर दिए गए थे। पिछले साल, इसी विद्रोह को कुचलने के एक मामले में बांग्लादेश की एक अदालत ने उनकी गैर-मौजूदगी में उन्हें दोषी ठहराते हुए मौत की सज़ा सुनाई थी। शेख हसीना ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
इनपुट: IANS



