पश्चिम बंगाल: 'अन्नपूर्णा योजना' की चौथी किस्त जारी, 1.5 करोड़ महिलाओं के खाते में पहुँचे ₹3000
पश्चिम बंगाल की लगभग डेढ़ करोड़ महिलाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन का दिन एक विशेष सौगात लेकर आया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से…
पश्चिम बंगाल की लगभग डेढ़ करोड़ महिलाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन का दिन एक विशेष सौगात लेकर आया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य की 'अन्नपूर्णा योजना' की चौथी किस्त जारी कर दी गई, जिसके तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 3,000 रुपये की राशि हस्तांतरित की गई।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह योजना बंगाल की माताओं और बहनों के आत्मविश्वास को मजबूती देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा, "जब उनके पास जरूरी खर्चों की चिंता कम होती है, तो उनका आत्मविश्वास और बढ़ जाता है।"
महिलाओं के सशक्तिकरण पर ज़ोर
प्रधानमंत्री ने इस बात पर प्रकाश डाला कि सरकार की सोच बंगाल की महिलाओं को निर्णय लेने की शक्ति और आगे बढ़ने का हौसला देना है। उन्होंने कहा, "आज करीब 1.5 करोड़ बहनों के खातों में अन्नपूर्णा योजना की चौथी किस्त पहुंच रही है यानी हर महीने 3,000 रुपए। ये किसी मां के लिए बच्चे की पढ़ाई का खर्च हो सकता है। किसी बहन के लिए दवा या घर की कोई जरूरी चीज खरीदने का सहारा हो सकता है।"
पीएम मोदी ने यह भी आश्वासन दिया कि उनकी सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए तेजी से काम कर रही है कि कोई भी पात्र महिला इस योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के कुछ ही दिनों के भीतर इस पर काम शुरू हो गया था और अब वित्तीय सहायता बिना किसी बिचौलिए या 'कट मनी' के सीधे लाभार्थियों तक पहुँच रही है।
क्या है अन्नपूर्णा योजना?
पश्चिम बंगाल सरकार की इस योजना के तहत राज्य की 25 से 60 वर्ष आयु वर्ग की स्थायी निवासी महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। यह राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाती है।
महिला-केंद्रित अन्य योजनाओं का भी उल्लेख
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने भाजपा सरकार द्वारा महिलाओं के जीवन के विभिन्न चरणों को ध्यान में रखकर चलाई जा रही अन्य योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, "माताओं, बहनों, बेटियों के जीवन चक्र से जुड़ी हर समस्या का समाधान करना भाजपा सरकार की प्राथमिकता रही है।" इस संदर्भ में उन्होंने 'मातृ वंदना योजना', 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ', स्कूलों में शौचालय निर्माण, 'सुकन्या समृद्धि योजना', सैनिक स्कूलों में बेटियों के प्रवेश और 'मुद्रा योजना' जैसी पहलों का उल्लेख किया।
इनपुट: IANS



