Banda News: मेडिकल स्टोर पर Condom मांगने में होती थी हिचकिचाहट, इस नई पहल से बढ़ा इस्तेमाल

207

Banda News: मेडिकल स्टोर पर Condom मांगने में होती थी हिचकिचाहट, इस नई पहल से बढ़ा इस्तेमाल

बांदा: मेडिकल स्टोर (Medical Store) या अन्य दुकानों से लोगों के सामने कंडोम खरीदने में संकोच करने वालों के लिए राहत भरी खबर है। बांदा में इसके लिए सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर कंडोम (Condom) पेटिका (कंडोम बॉक्स) की व्यवस्था कर दी गई है। यहां 24 घंटे कभी भी निशुल्क कंडोम (Free Condom) प्राप्त किया जा सकता है। इस व्यवस्था से जहां एक ओर लोगों को शर्म और संकोच का सामना नहीं करना पड़ेगा। वहीं उनका खर्च भी बचेगा। महिलाओं को भी अनचाहे गर्भ से छुटकारा भी मिलेगा। इस नई व्यवस्था के कारण ही कंडोम का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है।

बांदा के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लकड़ी से बने बॉक्स में कंडोम के पैकेट भरकर ऐसी जगह लगाए गए हैं, जहां सभी की पहुंच भी हो। साथ ही उनकी गोपनीयता भी बनी रहे। कंडोम बॉक्स खाली होने पर स्वास्थ्य कार्यकर्ता फिर इसे भर देते हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एके श्रीवास्तव का कहना है कि गर्भावस्था को रोकने के साथ ही संक्रमण को रोकना और यौन व प्रजनन स्वच्छता में सुधार करना पुरुष की भी जिम्मेदारी है। इसके लिए परिवार नियोजन का एक मात्र अस्थायी साधन कंडोम अधिकतर लोगों के लिए उपयुक्त है और इसका कोई दुष्प्रभाव भी नहीं है।

8 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कंडोम पेटिका
इसकी उपलब्धता आमजन तक आसान हो, इसके लिए जनपद के 8 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कंडोम पेटिका (कंडोम बॉक्स) की व्यवस्था की गई है। यहां प्रसव केंद्रों और शौचालय के बाहर भी कंडोम बॉक्स लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि जनपद में वित्तीय वर्ष 2020-21 में जहां 1.87 लाख कंडोम की खपत थी। वहीं 2021-22 में बढ़कर 2.14 लाख से अधिक हो गई।

क्या कहते हैं लोग
पिछले चार वर्षों से कंडोम का इस्तेमाल कर रहे कमासिन ब्लॉक के 28 वर्षीय मनोहर बताते हैं कि उनका तीन वर्षीय एक बेटा है। वह अभी दूसरा बच्चा नहीं चाहते हैं। इसलिए अस्थाई संसाधन अपना रहे हैं। परिवार नियोजन को वह अपनी जिम्मेदारी मानते हैं। पहला बच्चा पांच साल का होने के बाद ही वह दूसरी बच्चे की योजना बनाएंगे। इसमें उनकी पत्नी भी पूरा सहयोग कर रही हैं। सब कुछ ठीक रहा तो दूसरे बच्चे के बाद वह पत्नी की नहीं बल्कि अपनी नसबंदी करवाकर सामाजिक जिम्मेदारी को निभाएंगे।

नरैनी ब्लाक के 32 वर्षीय पुष्पेंद्र वर्मा की शादी छह साल पहले हुई थी, उनकी चार साल का बेटा है। अभी वह बच्चा नहीं चाहते हैं। इसके लिए वह पिछले तीन साल से कंडोम का उपयोग कर रहे हैं। पुष्पेंद्र बताते हैं कि दुकान या मेडिकल स्टोर पर कंडोम खरीदने में हिचकिचाहट लगती थी। लेकिन अब अस्पताल में कंडोम पेटिका लग जाने से इसे 24 घंटे में कभी भी ले सकता है।
रिपोर्ट – अनिल सिंह

उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar Pradesh News