मथुरा: सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, कहा — 'बाबर-औरंगजेब के अनुयायी सनातन आस्था का सम्मान नहीं कर सकते'
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिनकी आस्था बाबर और औरंगजेब जैसे आक्रांताओं में है, वे…
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिनकी आस्था बाबर और औरंगजेब जैसे आक्रांताओं में है, वे सनातन धर्म और देश की आस्था का सम्मान नहीं कर सकते। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने यह बात कही।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे लोग समाज में ज़हर घोलकर युवाओं, महिलाओं, किसानों और उद्यमियों के हितों को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर सकते हैं। हालांकि, उन्होंने भरोसा दिलाया कि 'डबल इंजन' की सरकार उनके इन मंसूबों को कभी कामयाब नहीं होने देगी। सीएम योगी ने कहा, "यह सरकार श्रीकृष्ण कन्हैया, प्रभु श्रीराम, बाबा विश्वनाथ और मां विंध्यवासिनी में आस्था रखती है, लेकिन जिनकी आस्था बाबर और औरंगजेब में होगी, क्या वे आपकी आस्था का सम्मान कर पाएंगे?"
ब्रज क्षेत्र के विकास का वादा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या और काशी की तर्ज पर पूरे ब्रज क्षेत्र के भव्य विकास का वादा किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रीराम का भव्य मंदिर कुछ लोगों को अच्छा नहीं लग रहा है और वे उसे बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "मथुरा हो, नंदगांव हो, बरसाना हो, गोवर्धन हो या वृंदावन, पूरा ब्रज आपकी भावनाओं के अनुरूप विकसित होगा। इसमें कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी।" योगी ने बताया कि इस संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक कर सरकार की प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी गई हैं।
पिछली सरकारों पर निशाना
सीएम योगी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर "वोट बैंक" की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारें ब्रज क्षेत्र में आने से डरती थीं कि कहीं उनका वोट बैंक न खिसक जाए। योगी ने कहा कि इसी का परिणाम था कि उनके कार्यकाल में जवाहरबाग जैसी घटनाएं हुईं, जबकि अब ब्रज में रंगोत्सव और ब्रजराज उत्सव जैसे आयोजन होते हैं।
इससे पहले, मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर भगवान की पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। लगभग 30 मिनट तक मंदिर परिसर में रुकने के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा भी की। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का धर्म, सत्य और न्याय की स्थापना का संदेश आज भी प्रासंगिक है।
इनपुट: IANS



