आजमगढ़: पूजा में विवाद के बाद 5 लोगों की मौत, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी भी ढेर
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक पूजा के दौरान हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत कुल पांच लोगों की जान चली गई। आरोपी ने पहले अपनी पत्नी और दो पंडितों की गोली मारकर…
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक पूजा के दौरान हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत कुल पांच लोगों की जान चली गई। आरोपी ने पहले अपनी पत्नी और दो पंडितों की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को बच्चों के साथ एक कमरे में बंद कर लिया। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में आरोपी और उसके एक बेटे की भी मौत हो गई, जबकि दो बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया।
यह दिल दहला देने वाली घटना मंगलवार देर रात अहरौला थाना क्षेत्र के शम्भूपुर गांव में हुई। जानकारी के अनुसार, अरविंद नामक व्यक्ति के घर पर पूजा चल रही थी, तभी किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि अरविंद ने अपनी पत्नी बबीता और वहां मौजूद दो पुजारियों को गोली मार दी, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस की घेराबंदी और मुठभेड़
हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि तब तक आरोपी अरविंद ने अपने तीन बच्चों के साथ खुद को एक कमरे में बंद कर लिया था। पुलिस ने परिजनों की मदद से उसे समझाने और आत्मसमर्पण के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन उसने बच्चों को जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस के अनुसार, काफी देर तक समझाने के बाद भी जब वह नहीं माना तो उसने अपने एक बेटे को गोली मार दी। एडीजी नवीन अरोड़ा ने बताया कि गोली की आवाज सुनते ही बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस टीम कमरे में दाखिल हुई। इस पर अरविंद ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में हुई मौत
पुलिस ने घायल अरविंद और उसके बेटे को फौरन अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने मौके से दो अन्य बच्चों को सकुशल बचा लिया है। घटनास्थल पर भारी पुलिस बल, एसओजी और फॉरेंसिक टीम मौजूद है और मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस ने बंधकों को बचाने के लिए संयम से काम लिया था, लेकिन आरोपी के बेटे को गोली मारने के बाद जवाबी कार्रवाई जरूरी हो गई थी।
इनपुट: IANS



