आजमगढ़: QR कोड से पेमेंट का झांसा देकर 1.10 लाख की चेन लूटी, फायरिंग के बाद भी लोगों ने दबोचा
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में सोने की चेन खरीदने के बहाने आए दो बदमाशों ने एक ज्वेलर को 1.10 लाख रुपये का चूना लगा दिया। घटना तहबरपुर थाना क्षेत्र के मंझारी बाजार की है, जहाँ आरोपियों ने भुगतान के लिए…
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में सोने की चेन खरीदने के बहाने आए दो बदमाशों ने एक ज्वेलर को 1.10 लाख रुपये का चूना लगा दिया। घटना तहबरपुर थाना क्षेत्र के मंझारी बाजार की है, जहाँ आरोपियों ने भुगतान के लिए QR कोड स्कैन करने का नाटक किया और चेन लेकर भाग निकले। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, जब दुकानदार और स्थानीय लोगों ने उनका पीछा किया, तो उन्होंने फायरिंग भी की, लेकिन लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया।
घटना गुरुवार को राज ज्वेलर्स नामक दुकान पर हुई। आरोपी ग्राहक बनकर आए और करीब 8 ग्राम की एक सोने की चेन पसंद की। भुगतान के समय उन्होंने दुकानदार से क्यूआर कोड मांगा, लेकिन खाते में पैसे ट्रांसफर किए बिना ही वे चेन लेकर फरार हो गए।
हिम्मत दिखाकर लोगों ने पकड़ा
दुकानदार के शोर मचाने पर स्थानीय लोग भी बदमाशों के पीछे दौड़ पड़े। खुद को घिरता देख आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पीछा कर रही भीड़ पर गोलियां चलाईं। इसके बावजूद लोगों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा और पास के बैरमपुर गांव में दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही तहबरपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
भारी मात्रा में हथियार बरामद
आजमगढ़ के अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के पास से हथियारों का जखीरा बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक, उनकी तलाशी में दो 32 बोर की पिस्टल, दो 315 बोर के तमंचे, 18 जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, तीन खाली मैगजीन, एक चापड़, पेचकस और रेती मिली है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उनके अन्य साथियों के बारे में पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है।
इनपुट: IANS



