अयोध्या हत्याकांड: चंद्रशेखर आज़ाद ने पीड़ित परिवार से मिलकर सरकार को घेरा, बोले- 'सरेआम बम से हत्या हो रही है'
आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने अयोध्या में एक डबल मर्डर केस के आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी न होने पर गंभीर सवाल उठाए हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, रविवार को…
आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने अयोध्या में एक डबल मर्डर केस के आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी न होने पर गंभीर सवाल उठाए हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, रविवार को वे अयोध्या के थाना पूरा कलंदर क्षेत्र में मृतक राम लगन मौर्य के परिजनों से मिलने पहुँचे। मौर्य और उनकी माँ की पिछले दिनों गोलीबारी और बमबाजी की एक घटना में मौत हो गई थी।
चंद्रशेखर ने इस घटना को बेहद दर्दनाक बताते हुए हैरानी जताई कि अयोध्या जैसे शहर में सरेआम बम का इस्तेमाल कर हत्या की जा रही है। उन्होंने कहा, “हमने पिक्चरों में देखते थे या बंगाल या दूसरे देशों में यह सुनाई देता था कि बम का प्रयोग होता है, सरेआम हत्या कर दी जाती है। लेकिन यह हमने अपनी आँखों से यहाँ अयोध्या जिसे साकेत भी कहा जाता है और पूरी दुनिया में जिसकी पहचान है वहाँ अगर सरेआम बम से हत्या हो रही है, कई-कई बम दागे जा रहे हैं...”
उन्होंने बताया कि इस हमले में न केवल राम लगन मौर्य की जान गई, बल्कि उनकी माँ भी गंभीर रूप से घायल हुईं और करीब 15 दिन बाद उन्होंने भी दम तोड़ दिया। आज़ाद ने कहा कि परिवार के आग्रह पर वह उनके दुख में शामिल होने आए हैं और एक जनप्रतिनिधि के तौर पर परिवार के दुख को बांटना और कानून में उनका विश्वास बनाए रखना उनकी ज़िम्मेदारी है।
रोज़गार और भर्तियों पर सरकार को घेरा
इस मुलाक़ात के दौरान चंद्रशेखर आज़ाद ने प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर रोज़गार के मुद्दे को लेकर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने नियुक्ति पत्र बांटने और नई भर्तियों की घोषणा को चुनावी हथकंडा करार दिया। आज़ाद ने कहा, “यह सब जो है, चुनाव में वोट अपने फेवर में प्रभावित करने का तरीका है। जनता सब जानती है।”
उन्होंने 68,500 और 69,000 शिक्षक भर्ती, पंचायत सहायकों, आशा, आंगनबाड़ी और पुलिस भर्ती से जुड़े मामलों का ज़िक्र करते हुए सवाल किया कि पिछले साढ़े नौ साल में सरकार ने कितने नियुक्ति पत्र दिए हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में बड़ी संख्या में पद खाली हैं, लेकिन उन्हें भरा नहीं जा रहा है, जिसके कारण युवा दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं।
बाढ़ और स्थानीय समस्याओं पर भी उठाए सवाल
सांसद चंद्रशेखर ने प्रदेश में बाढ़ की स्थिति पर भी सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हर साल बाढ़ के बाद केवल दौरे होते हैं, लेकिन स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाते। उन्होंने बस्ती ज़िले में पलायन, बिजली, पानी और सड़कों की समस्याओं के साथ-साथ एक एथेनॉल फैक्ट्री से स्थानीय लोगों को हो रही परेशानियों का भी उल्लेख किया।
इनपुट: IANS



