अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे से पहले BJP विधायक ने खुला पत्र लिखा, चार तीखे सवाल पूछे
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की 12 नवंबर को प्रस्तावित अयोध्या यात्रा ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नई बहस को जन्म दे दिया है। इसी क्रम में, गाजियाबाद की लोनी विधानसभा सीट से…
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की 12 नवंबर को प्रस्तावित अयोध्या यात्रा ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नई बहस को जन्म दे दिया है। इसी क्रम में, गाजियाबाद की लोनी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने अखिलेश यादव को दो पन्नों का एक खुला पत्र लिखकर कुछ महत्वपूर्ण सवाल उठाए हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, 9 नवंबर को लिखे इस पत्र में गुर्जर ने अखिलेश के रामलला के दर्शन करने के फैसले का स्वागत तो किया, लेकिन साथ ही उनसे कई मुद्दों पर स्पष्टीकरण भी मांगा है।
पत्र में नंदकिशोर गुर्जर ने अखिलेश यादव के इस कदम को सनातन धर्म में 'घर वापसी' बताते हुए उनका अभिनंदन किया। उन्होंने लिखा कि यह भगवान श्रीराम की कृपा है कि अखिलेश हिंदू धर्म में वापसी कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने अखिलेश को उनके पिता मुलायम सिंह यादव के उस पुराने बयान की भी याद दिलाई, जिसमें उन्होंने खुद को 'मौलाना' बताने की बात कही थी।
पत्र में उठाए गए चार प्रमुख सवाल
1. कारसेवकों पर गोलीकांड: गुर्जर ने अपने पत्र में 1990 में मुलायम सिंह यादव की सरकार के दौरान अयोध्या में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का मुद्दा उठाया। उन्होंने लिखा कि इस घटना से करोड़ों हिंदुओं की आस्था को गहरी चोट पहुंची थी। उन्होंने अखिलेश से पूछा कि क्या वह आज भी रामजन्मभूमि को बाबरी मस्जिद कहने वाली राजनीतिक सोच का समर्थन करते हैं और क्या उनकी पार्टी इस आंदोलन का विरोध करने की अपनी 'ऐतिहासिक भूमिका' की जवाबदेही लेगी?
2. कारसेवकों का बलिदान: विधायक ने अखिलेश से अपील की कि वह सिर्फ रामलला के दर्शन न करें, बल्कि रामजन्मभूमि को इसी नाम से संबोधित करने का साहस दिखाएं। उन्होंने पूछा कि क्या केवल मंदिर में दर्शन करने से 'रामभक्तों पर गोली चलने और सरयू के पानी को खून से लाल करने का इतिहास' मिट जाएगा? गुर्जर ने उनसे कारसेवकों के बलिदान का सम्मान करने और राम मंदिर निर्माण को भारत की सांस्कृतिक विजय के रूप में स्वीकार करने को कहा।
3. मथुरा का मुद्दा: तीसरे सवाल के रूप में, गुर्जर ने अखिलेश यादव से मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भी भव्य मंदिर निर्माण के लिए कारसेवा शुरू करने की अपील की। उन्होंने इसे अखिलेश के लिए अपने परिवार की 'वैचारिक विरासत' पर पुनर्विचार करने का एक अवसर बताया।
4. सनातन संस्कृति से जुड़ाव: चौथे बिंदु में, विधायक ने आरोप लगाया कि पूर्व में अखिलेश के इशारे पर उनकी पार्टी के नेताओं ने भगवान राम और कृष्ण की पूजा न करने की शपथ ली थी। उन्होंने अखिलेश से अपनी सांस्कृतिक जड़ों से फिर से जुड़ने और सनातन धर्म का सम्मान करने का आग्रह किया।
'वैचारिक पापों का प्रायश्चित करें'
पत्र के अंत में, नंदकिशोर गुर्जर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव से अपनी अयोध्या यात्रा को सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम तक सीमित न रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि अखिलेश को रामजन्मभूमि के गौरव, कारसेवकों के बलिदान और सनातन संस्कृति को स्वीकार करते हुए अपने 'परिवार के वैचारिक पापों का प्रायश्चित' करना चाहिए। गुर्जर ने उम्मीद जताई कि अखिलेश यादव इस यात्रा के दौरान कट्टरपंथी ताकतों को भी करारा जवाब देंगे।
इनपुट: IANS



