Aurangabad News: घर के बाहर बैठी बहू, ससुराल वाले नहीं खोल रहे दरवाजा… फिल्मी है पति की ‘पोल’ खुलने की कहानी

13
Aurangabad News: घर के बाहर बैठी बहू, ससुराल वाले नहीं खोल रहे दरवाजा… फिल्मी है पति की ‘पोल’ खुलने की कहानी

Aurangabad News: घर के बाहर बैठी बहू, ससुराल वाले नहीं खोल रहे दरवाजा… फिल्मी है पति की ‘पोल’ खुलने की कहानी


औरंगाबाद: कहानी पूरी फिल्मी है, पर असली है। कहानी का ‘हीरो’ बीवी को मायके भेजकर दूसरी शादी करने की तैयारी में लगा था। चुनिंदा लोगों को ही दूसरी शादी रचाने की तैयारी की जानकारी थी। घर के अगल बगल के लोगों को भी जानकारी नहीं थी। तैयारी भी पूरी हो चुकी थी लेकिन एन वक्त पर कहानी की ‘हीरोइन’ यानी पत्नी की एंट्री होती है। हंगामा होता है। दूसरी शादी की सारी तैयारी धरी रह जाती है। हीरो के दूसरी शादी रचाने के अरमान पर पानी फिर जाता है। दूसरी शादी का प्लान फेल होने पर घरवाले बहू को घर में घुसने नहीं देते हैं। वे घर के सारे दरवाजे बंद कर देते हैं। बहू घर के बाहर ही अपने मायकेवालों के साथ बैठ जाती है। हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू हो जाता है, जो सोमवार की शाम तक जारी रहता है।

मामला औरंगाबाद के कुटुम्बा प्रखंड में अम्बा थाना के परता गांव का है। बताया जाता है कि परता गांव निवासी गोपाल पांडेय के बेटे तेजस्वी पांडेय ने अपनी पत्नी डिंपल को कुछ महीने पहले मायके हसपुरा थाना के तिलकपुरा भेज दिया था। इस बीच उसने अपनी दूसरी शादी तय कर ली। आज यानी सोमवार को ही कही जाकर शादी कर नई दुल्हन लाने वाला था। पड़ोसियों तक को इसकी जानकारी नहीं थी। बस तेजस्वी और उसके घरवालों के चंद खास लोगों को ही इसकी जानकारी थी। दूसरी शादी को लेकर इस हद तक गोपनीयता बरतने के बावजूद उसकी पत्नी डिंपल को इसकी भनक लग गई। खबर लगते ही डिंपल अपने मामके वालों को लेकर अपने ससुराल आ धमकी। डिंपल ने वहां जमकर बवाल काटा। बवाल से तेजस्वी के दूसरी शादी का फ्लान फेल हो गया। वह घर से शादी करने के लिए नहीं निकल सका।

नाराज होकर ससुरालवालों ने बंद कर लिया घर का दरवाजा

इससे खार खाकर ससुराल वालों ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। डिंपल को घर में घुसने नहीं दिया। इसके बाद विवाहिता डिंपल अपने पिता जय गोविंद शर्मा, चाचा संतोष शर्मा और गणेश शर्मा के साथ घर के बाहर ही आसन जमा कर बैठ गयी। हालांकि परता पंचायत की मुखिया के प्रतिनिधि देवेन्द्र सिंह ने विवाहिता को घर में रखने के लिए घरवालों से बात कर विवाहिता को घर के अंदर कराने की पहल की। लेकिन घरवालों ने उनकी बात नहीं मानी। मौके से ही विवाहिता ने औरंगाबाद की एसपी स्वपना गौतम मेश्राम को इसकी जानकारी दी। एसपी के निर्देश पर अम्बा थानाध्यक्ष रमेश कुमार सिंह, पुलिस पदाधिकारी सिमरन राज के साथ गांव पहुंचे और ससुराल वालों को समझाने बुझाने का प्रयास किया। इसके बावजूद ससुराल वालों ने घर का दरवाजा नहीं खोला।

महिला के ससुरालवाले नहीं माने तो की जाएगी कार्रवाई: थानाध्यक्ष

इसके बाद पुलिस, विवाहिता और उसके परिजनों को लेकर अम्बा आई। इसके बाद आगे की कार्रवाई के लिए उन्हें औरंगाबाद महिला थाना भेज दिया। पीड़िता ने महिला थाना में ससुराल में खुद को रखे जाने की मांग करते हुए आवेदन दिया है। महिला थाना की पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। महिला थानाध्यक्ष कुमकुम कुमारी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। अम्बा थाना की पुलिस के पहल से शादी रुक गई है। विवाहिता को महिला थाना की पुलिस उसके ससुराल पहुंचाएंगी। ससुराल वालों के नहीं मानने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएंगी।

2020 में डिंपल की तेजस्वी पांडेय से हुई थी शादी

गौरतलब है कि डिंपल की शादी एक मार्च 2020 को परता गांव निवासी गोपाल पांडेय के पुत्र तेजस्वी के साथ हुई थी। विवाहिता के अनुसार शादी के कुछ दिनों बाद तक तो सब कुछ ठीक-ठाक चला। इसके बाद धीरे-धीरे पति पत्नी के बीच विवाद होना शुरू हो गया। ससुराल वाले उसे प्रताड़ित भी करने लगे। इस बीच ससुरालवालों ने उसे मायके भेज दिया। मायके भेजकर वे तेजस्वी की दूसरी शादी रचाने की फिराक में थे। लेकिन इसकी भनक उसे मिल गई। जानकारी मिलने पर जब वह अपने मायके वालों के साथ ससुराल पहुंची तो यह सारा खेल हुआ। अब सबकी निगाहें पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News