असम में स्वास्थ्य सेवाओं का ऐतिहासिक दिन: गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज में पहला सफल लिवर ट्रांसप्लांट
पूर्वोत्तर भारत की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए शनिवार का दिन एक बड़ी उपलब्धि लेकर आया, जब गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) में पहला सफल लिवर ट्रांसप्लांट किया गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट…
पूर्वोत्तर भारत की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए शनिवार का दिन एक बड़ी उपलब्धि लेकर आया, जब गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) में पहला सफल लिवर ट्रांसप्लांट किया गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह इस क्षेत्र के किसी भी सरकारी अस्पताल में किया गया अपनी तरह का पहला लिवर प्रत्यारोपण है। इस जटिल सर्जरी को पूरा होने में 16 घंटे का लंबा समय लगा।
असम के स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने इस ऐतिहासिक सफलता की घोषणा की। उन्होंने बताया कि लिवर प्राप्त करने वाले और दान करने वाले, दोनों मरीज़ गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में हैं और उनकी हालत में सुधार हो रहा है। सिंघल ने मरीज़ों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए मेडिकल टीम को बधाई दी।
डॉ. सेंथिल कुमार की टीम की बड़ी कामयाबी
यह महत्वपूर्ण ऑपरेशन डॉ. सेंथिल कुमार के नेतृत्व में डॉक्टरों और विशेषज्ञों की एक टीम ने किया। स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने इस टीम के असाधारण कौशल, समर्पण और बेहतरीन तालमेल की सराहना की। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "16 घंटे तक चली यह जटिल प्रक्रिया, हमारे डॉक्टरों, विशेषज्ञों और क्लिनिकल टीमों के असाधारण कौशल, समर्पण और बेहतरीन तालमेल का प्रमाण है।"
राज्य सरकार के लिए मील का पत्थर
अशोक सिंघल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस उपलब्धि को जीएमसीएच और असम की चिकित्सा सेवाओं के लिए एक बड़ा मील का पत्थर बताया। उन्होंने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में राज्य स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐसे ही और कीर्तिमान स्थापित करेगा। अपने 'एक्स' पोस्ट में उन्होंने यह भी कहा, "मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के दूरदर्शी नेतृत्व में, हमने स्थानीय स्तर पर उन्नत ट्रांसप्लांट इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने का मिशन शुरू किया था। आज की यह सफलता तो बस एक शुरुआत है।"
इनपुट: IANS



