नौकरी के नाम पर ठगी, फिर कर्ज़ से बचने के लिए लखनऊ के शख्स ने रची अपने ही अपहरण की झूठी कहानी
लखनऊ में एक शख्स ने नौकरी दिलाने के नाम पर कई लोगों से पैसे ठग लिए और जब रकम लौटाने का दबाव बढ़ा तो उसने खुद के अपहरण की कहानी रच डाली। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, लखनऊ पुलिस ने इस पूरे…
लखनऊ में एक शख्स ने नौकरी दिलाने के नाम पर कई लोगों से पैसे ठग लिए और जब रकम लौटाने का दबाव बढ़ा तो उसने खुद के अपहरण की कहानी रच डाली। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, लखनऊ पुलिस ने इस पूरे मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सत्यरत्न दीक्षित के रूप में हुई है।
मामले की शुरुआत 6 अक्टूबर को हुई, जब सत्यरत्न की पत्नी शिप्रा यादव ने मड़ियांव थाने में पति के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि एक अनजान व्यक्ति ने घर आकर उन्हें पति के अपहरण की सूचना दी थी।
पुलिस जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। उत्तरी जोन की सर्विलांस टीम की मदद से एक संदिग्ध मोबाइल नंबर को ट्रैक किया गया, जिसकी लोकेशन अहमदाबाद में मिली। इसके बाद मड़ियांव थाने की एक पुलिस टीम अहमदाबाद रवाना हुई।
स्थानीय जांच में पता चला कि सत्यरत्न दीक्षित विट्ठल मॉल की चौथी मंजिल पर स्थित एक होटल में ठहरा हुआ है। पुलिस ने होटल के कमरे से उसे सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ में उसने जो कहानी बताई, उससे पूरा मामला साफ हो गया।
कर्जदारों से बचने के लिए बनाया था प्लान
सत्यरत्न ने कबूल किया कि उसने कई लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे लिए थे, लेकिन वह न तो नौकरी दिला पाया और न ही पैसे लौटा पा रहा था। देनदार लगातार उस पर दबाव बना रहे थे। 5 अक्टूबर को उसे कुछ लोगों को जॉइनिंग लेटर देने थे, लेकिन उसी दिन कई और लोगों ने भी फोन पर अपने पैसे वापस मांगे।
मामला खुल जाने के डर से उसने खुद को बचाने के लिए एक योजना बनाई। उसने डायल-112 पर फोन करके यह झूठी सूचना दी कि दो स्कॉर्पियो गाड़ियां उसका पीछा कर रही हैं। इसके तुरंत बाद उसने अपना फोन बंद कर दिया, अपनी सियाज कार को पुरनिया चौराहे पर छोड़ा और चारबाग रेलवे स्टेशन से साबरमती एक्सप्रेस पकड़कर अहमदाबाद चला गया। वह 7 अक्टूबर को अहमदाबाद पहुंचा और तब से उसी होटल में रह रहा था। अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के बाद सत्यरत्न दीक्षित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इनपुट: IANS



