जनसंघ स्थापना दिवस: 'राष्ट्र प्रथम' और 'अंत्योदय' के विचार को BJP आगे बढ़ा रही है - नितिन नवीन
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा है कि जनसंघ के संस्थापकों द्वारा देखे गए सपनों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरा कर रहे हैं, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति…
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा है कि जनसंघ के संस्थापकों द्वारा देखे गए सपनों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरा कर रहे हैं, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को नई दिल्ली में जनसंघ के 75वें स्थापना दिवस के अवसर पर उन्होंने यह बात कही।
नवीन ने कहा कि 75 साल पहले जब डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे नेताओं ने 'राष्ट्र प्रथम' और 'अंत्योदय' के भाव से जनसंघ की नींव रखी, तब किसी ने कल्पना नहीं की थी कि यह बीज एक दिन दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में विकसित होगा।
'जनसंघ से जन-जन की यात्रा'
इस अवसर पर नितिन नवीन ने दिल्ली प्रदेश भाजपा द्वारा दिए गए नारे "जनसंघ से जन-जन की यात्रा" की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "वरिष्ठ पुरोधाओं ने जो सपना देखा था... उस सपने को साकार करने के लिए ही जन-जन की इस विकास यात्रा में हर व्यक्ति को विकास के साथ जोड़ने का जो संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया है, उस यात्रा को आगे बढ़ाने का संकल्प और समर्पण हम सभी के भीतर होना चाहिए।"
उन्होंने पुराने कार्यकर्ताओं के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि उस दौर में सीमित संसाधनों और कई चुनौतियों के बावजूद उनका संकल्प अटूट था, जबकि आज की पीढ़ी को अनुकूल परिस्थितियां मिली हैं।
'योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक नहीं पहुंचा'
नवीन ने पूर्व की कांग्रेस सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे विकास योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने में विफल रहीं। उन्होंने कहा, "पहले गरीबी हटाने की बातें तो होती थीं, लेकिन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक नहीं पहुंच पाता था। वहीं आज जनधन जैसी अनेक योजनाएं सीधे गरीबों के खातों और घरों तक पहुंच रही हैं।"
उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने तत्कालीन सरकार की पश्चिमी और वामपंथी विचारों से प्रभावित नीतियों के कारण मंत्री पद से इस्तीफा देकर राष्ट्रवादी चेतना के साथ जनसंघ की स्थापना की थी। नवीन ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के 'अंत्योदय' के विचार को अपनी नीतियों से साकार कर रहे हैं।
वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति
इस कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, विधानसभा अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता और दिल्ली प्रदेश की सह-प्रभारी दर्शना जरदोश सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। इनमें वी सतीश, महेश चंद शर्मा, जुगल किशोर शर्मा, जगदीश मुखी और जीतन राम सोलंकी जैसे अनुभवी नेता भी शामिल हुए।
इनपुट: IANS



