अंकित बालियान हत्याकांड: केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने परिवार से मिलकर दिया हरसंभव मदद का भरोसा
हरियाणवी गायक और अभिनेता अंकित बालियान की हत्या के बाद केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने सोमवार को शामली में उनके शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को सांत्वना…
हरियाणवी गायक और अभिनेता अंकित बालियान की हत्या के बाद केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने सोमवार को शामली में उनके शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में वह और उनका पूरा संगठन उनके साथ खड़ा है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, जयंत चौधरी ने इस हत्याकांड को एक बेहद संगीन और सुनियोजित साजिश करार दिया। उन्होंने कहा, "अंकित एक कलाकार था। जिस प्रकार से सुनियोजित तरीके से ये अपराध रचा गया, ये संगीन अपराध है। इसे गंभीरता से लिया गया है। कार्रवाई पुलिस प्रशासन की जारी है।"
पुलिस जांच और सीएम योगी से मुलाकात
केंद्रीय मंत्री ने जानकारी दी कि इस मामले को लेकर उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की थी। जयंत चौधरी ने कहा, "मुख्यमंत्री ने भी अपनी संवेदनाएं दी हैं। कानून की अपनी चाल होती है। कानून व्यवस्था तभी कायम रह पाती है, जब लोगों का विश्वास व्यवस्था पर बना रहे।"
उन्होंने कहा कि सरकार की अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति है, लेकिन जांच और कानूनी प्रक्रिया में समय लगता है। चौधरी ने पीड़ित परिवार से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस जांच कर रही है और कानून के तहत सभी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि 26 अगस्त को शामली में एक जिम के पास अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार शूटरों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में सोमवार को पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी मारे जा चुके हैं, जिसके बाद जांच ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस अब बाकी फरार आरोपियों और साजिशकर्ताओं की तलाश में जुटी है।
इनपुट: IANS



