अमरोहा गोकशी मामला: मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, गोली लगने के बाद गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के अमरोहा में छोटी दीपावली पर हुए गोकशी विवाद के मुख्य आरोपी को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, मोहसिन नामक इस आरोपी के पैर में…
उत्तर प्रदेश के अमरोहा में छोटी दीपावली पर हुए गोकशी विवाद के मुख्य आरोपी को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, मोहसिन नामक इस आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा, कारतूस और एक बाइक भी बरामद की है।
यह पूरा मामला अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र की रज्जाक चौकी के पास मछली वाली गली से जुड़ा है। छोटी दीपावली के दिन एक ई-रिक्शा में गोवंशीय अवशेष मिलने के बाद इलाके में तनाव फैल गया था। इस घटना की खबर मिलते ही बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता मौके पर जमा हो गए और उन्होंने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर बिजनौर रोड पर जाम लगा दिया था। तब पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया था।
पुलिस की कार्रवाई और मुठभेड़
इस मामले में पुलिस ने कुल सात लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया था। दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी मोहसिन फरार चल रहा था। पुलिस टीमों को मुखबिर से सूचना मिली कि मोहसिन जटीवन मार्ग पर मौजूद है।
पुलिस के अनुसार, जब टीम ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गोली मोहसिन के पैर में लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।
आरोपी पर क्या हैं आरोप?
आरोप है कि मोहसिन अपनी दुकान में कथित तौर पर गोवंशीय पशुओं का कटान करता था और ई-रिक्शा के जरिए मांस की सप्लाई करवाता था। अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने बताया कि मुठभेड़ में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब बाकी चार नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, पुलिस मोहसिन से पूछताछ कर रही है।
इनपुट: IANS



