बिश्नोई गैंग की धमकी के बाद आमिर खान की सुरक्षा की समीक्षा, मुंबई पुलिस ने शुरू की जांच
बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कथित तौर पर धमकी मिलने की खबरों के बाद मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच सक्रिय हो गई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पुलिस ने इस मामले का स्वतः…
बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कथित तौर पर धमकी मिलने की खबरों के बाद मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच सक्रिय हो गई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पुलिस ने इस मामले का स्वतः संज्ञान (suo motu) लेते हुए जांच शुरू कर दी है, हालांकि आमिर खान या उनकी टीम की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह धमकी अभिनेता को सीधे तौर पर दी गई है या यह जानकारी सिर्फ सोशल मीडिया और खबरों के जरिए सामने आई है। क्राइम ब्रांच इसी बात का पता लगाने के लिए आमिर खान की टीम के संपर्क में है। जानकारी के मुताबिक, आमिर खान इस समय भारत में नहीं हैं और उनके वापस आने पर पुलिस उनसे संपर्क करेगी।
सरकार और पुलिस का पक्ष
महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने बताया कि उन्हें भी इस घटना की जानकारी सोशल मीडिया से मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी को घबराने की जरूरत नहीं है और मुंबई पुलिस ऐसे मामलों से निपटने में पूरी तरह सक्षम है। कदम ने कहा, "आमिर खान को पहले से ही सुरक्षा मिली हुई है (एक पुलिस वाला साथ में है), लेकिन इस घटना के बाद उनकी सुरक्षा का रिव्यू लेकर आवश्यकता के अनुसार बढ़ाया जाएगा। हमने उनके घर पर पुलिस का विजिलेंस बढ़ा दिया है।"
मंत्री ने बिश्नोई गैंग की कार्यशैली पर टिप्पणी करते हुए कहा, "बिश्नोई गैंग लोगों को धमकी देकर सिर्फ वसूली करने का प्रयास करते हैं, हमारी पुलिस ऐसे मामलों में तुरंत एक्शन लेती है।" उन्होंने यह भी बताया कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल को जल्द ही भारत वापस लाया जाएगा।
धमकी का कथित कारण
खबरों के अनुसार, यह धमकी आमिर खान की हालिया शादी और उनकी व्यक्तिगत पसंद को लेकर दी गई है। धमकी देने वालों ने इसे अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक मान्यताओं के विरुद्ध बताया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
इनपुट: IANS



