रविवार, 2 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
इकोनॉमी

वैश्विक तनाव के बावजूद भारतीय शेयर बाजार में उछाल, Sensex 800 अंक चढ़ा

कमजोर अंतरराष्ट्रीय संकेतों और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बावजूद भारतीय शेयर बाजारों ने शुक्रवार को शानदार तेजी दर्ज की। दोपहर 12 बजे तक बीएसई का सेंसेक्स 801 अंक यानी 1.04% की बढ़त के सा…

वैश्विक तनाव के बावजूद भारतीय शेयर बाजार में उछाल, Sensex 800 अंक चढ़ा
(फोटो: IANS)

कमजोर अंतरराष्ट्रीय संकेतों और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बावजूद भारतीय शेयर बाजारों ने शुक्रवार को शानदार तेजी दर्ज की। दोपहर 12 बजे तक बीएसई का सेंसेक्स 801 अंक यानी 1.04% की बढ़त के साथ 77,999 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, एनएसई का निफ्टी भी 205 अंक या 0.85% की मजबूती के साथ 24,277 के स्तर पर पहुंच गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह तेजी ऐसे समय में आई है जब टोक्यो, शंघाई और हांगकांग जैसे प्रमुख एशियाई बाजार गिरावट का सामना कर रहे हैं।

विज्ञापन

बाजार की इस बढ़त में सूचना प्रौद्योगिकी (IT) और बैंकिंग शेयरों की अहम भूमिका रही। टेक महिंद्रा के उम्मीद से बेहतर नतीजों की वजह से निफ्टी आईटी इंडेक्स में एक प्रतिशत की तेजी आई और यह सूचकांकों में टॉप गेनर बना। इसके अलावा, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एचडीएफसी बैंक जैसे बड़े निजी बैंकों में भी निवेशकों ने जमकर खरीदारी की, जिससे बाजार को मजबूती मिली।

छोटे-मझोले शेयरों में गिरावट

हालांकि, यह तेजी बड़े शेयरों तक ही सीमित रही। व्यापक बाजार यानी मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में कमजोरी का रुख देखने को मिला। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 452 अंक (0.72%) गिरकर 62,236 पर था, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 178 अंक (0.92%) की गिरावट के साथ 19,156 पर कारोबार कर रहा था।

रुपए और विदेशी निवेश का दबाव

विशेषज्ञों का मानना है कि बाजार के एक सीमित दायरे में रहने की संभावना है। इस हफ्ते गिरते रुपए ने बाजार पर दबाव बनाया है, जो एशिया में सबसे खराब प्रदर्शन करने वाली मुद्रा बन गई और इसमें 1% से ज्यादा की गिरावट आई। इसकी एक वजह ऊंचे अमेरिकी बॉन्ड यील्ड के कारण वाणिज्यिक बैंकों द्वारा उम्मीद के मुताबिक एफसीएनआर (बी) डिपॉजिट न जुटा पाना है।

विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की बिकवाली का दौर भी जारी है। गुरुवार को उन्होंने इक्विटी बाजार से 4,205.56 करोड़ रुपए निकाले। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 2,986.41 करोड़ रुपए की शुद्ध खरीदारी करके बाजार को कुछ सहारा दिया।

इनपुट: IANS

N

News4Social बिज़नेस डेस्क

News4Social बिज़नेस डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से कारोबार और अर्थव्यवस्था से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →