अमेरिका में गोल्डी बराड़ पर 50 हजार डॉलर का इनाम, FBI ने 'वांटेड' घोषित कर मांगी मदद
अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी (FBI) ने सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ पर 50,000 डॉलर (करीब 47 लाख रुपये) के इनाम का ऐलान किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, FBI ने बराड़ को 'वांटेड' घोष
अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी (FBI) ने सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ पर 50,000 डॉलर (करीब 47 लाख रुपये) के इनाम का ऐलान किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, FBI ने बराड़ को 'वांटेड' घोषित करते हुए उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली किसी भी सूचना के लिए यह इनाम रखा है।
यह कार्रवाई FBI के 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' का हिस्सा है, जिसके तहत लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध समूह को निशाना बनाया जा रहा है। एजेंसी का आरोप है कि गोल्डी बराड़ उत्तरी अमेरिका में इसी आपराधिक समूह का प्रमुख संचालक है और अमेरिका में ही रह रहा है।
संगठित अपराध का नेटवर्क
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी एक बयान में FBI ने कहा, "एफबीआई सतिंदरजीत सिंह की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना के लिए 50,000 अमेरिकी डॉलर तक का इनाम दे रही है।" एजेंसी के मुताबिक, यह समूह दक्षिणी कैलिफोर्निया समेत अमेरिका और कनाडा में कई हिंसक गतिविधियों में शामिल रहा है। इन अपराधों में राजनीतिक और धार्मिक हस्तियों की हत्या, गोलीबारी, अपहरण, जबरन वसूली, मारपीट और नशीले पदार्थों व हथियारों की तस्करी शामिल है। बराड़ के तार कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो और फ्रेस्नो के अलावा कनाडा, भारत और मैक्सिको से भी जुड़े बताए गए हैं।
निज्जर हत्याकांड से भी जुड़े हैं तार
FBI की यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में अमेरिकी प्रशासन ने लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ पर खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया था। अमेरिकी अदालत के दस्तावेजों के अनुसार, इन दोनों पर विदेश और जेल से बैठकर 18 जून, 2023 को कनाडा के सरे शहर में हुई इस हत्या की योजना बनाने और शूटरों को निर्देश देने का आरोप है। एजेंसियों का कहना है कि दो हमलावरों ने गुरुद्वारे के बाहर निज्जर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में बराड़ या बिश्नोई की तरफ से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
FBI ने आम लोगों से अपील की है कि अगर उनके पास बराड़ के ठिकानों या गतिविधियों से जुड़ी कोई भी विश्वसनीय जानकारी हो, तो वे एजेंसी से संपर्क करें। इस इनाम का मकसद आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करना है।
इनपुट: IANS



