रविवार, 26 जुलाई 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

ईरान और अमेरिका में तनाव के बीच हमलों पर विराम, दोनों पक्षों ने दो रातों से रोकी सैन्य कार्रवाई

मध्य पूर्व में लगभग 13 रातों की लगातार सैन्य कार्रवाई के बाद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव में अस्थायी ठहराव आया है। दोनों देशों ने एक-दूसरे के खिलाफ हमलों को रोक दिया है, जिसकी पुष्टि दोनों तरफ से की…

ईरान और अमेरिका में तनाव के बीच हमलों पर विराम, दोनों पक्षों ने दो रातों से रोकी सैन्य कार्रवाई
(फोटो: IANS)

मध्य पूर्व में लगभग 13 रातों की लगातार सैन्य कार्रवाई के बाद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव में अस्थायी ठहराव आया है। दोनों देशों ने एक-दूसरे के खिलाफ हमलों को रोक दिया है, जिसकी पुष्टि दोनों तरफ से की गई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, ईरान ने भी अमेरिकी हमलों के रुकने के बाद अपनी जवाबी कार्रवाई बंद करने का ऐलान किया है।

विज्ञापन

ईरानी सेना के प्रवक्ता आमिर अक्रामिनिया ने रविवार को इस घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कहा, “अमेरिकियों ने पिछली दो रातों में अपने हमले रोक दिए हैं, क्योंकि हमारी रणनीति पूरी तरह से जवाबी कार्रवाई वाली रही है, इसलिए हमने भी अपने जवाबी ऑपरेशन रोक दिए हैं।” प्रवक्ता ने यह भी कहा कि लड़ाई पहले ही बाब अल-मंडेब स्ट्रेट तक फैल चुकी है और अमेरिकी हमलों से युद्ध के और बढ़ने का खतरा था।

अमेरिका में चिंता और रणनीति पर मंथन

ईरान के इस बयान से पहले अमेरिका में भी इस सैन्य अभियान को लेकर उच्च स्तरीय चिंता व्यक्त की गई थी। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैन केन ने ईरान में युद्ध के विस्तार को लेकर चिंता जताई थी। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस में एक बैठक के दौरान इस संभावना पर विचार किया, जिसके बाद हमलों को रोकने का फैसला लिया गया।

सीएनएन ने एक अधिकारी और मामले से परिचित सूत्र के हवाले से बताया कि शुक्रवार रात को अमेरिका ने ईरान के खिलाफ अपना बमबारी अभियान रोक दिया। रक्षा विभाग के एक सूत्र ने भी शनिवार को पुष्टि की कि ऑपरेशन फिलहाल 'होल्ड पर' हैं। सूत्रों के अनुसार, बैठक के दौरान जनरल केन ने विशेष रूप से अमेरिका के हथियारों के भंडार (स्टॉकपाइल) और अन्य संभावित नकारात्मक प्रभावों के बारे में चेतावनी दी थी।

भविष्य के विकल्प खुले

हालांकि, यह अभी तक स्पष्ट नहीं है कि हमलों को रोकने का फैसला हथियारों के स्टॉक की चिंता के कारण था या युद्ध बढ़ने की चेतावनी के कारण। इस बीच, व्हाइट हाउस ने भविष्य के लिए अपने विकल्प खुले रखे हैं। व्हाइट हाउस के संचार निदेशक स्टीवन चेउंग ने एक बयान में कहा, "प्रेसिडेंट ट्रंप हमेशा से कहते रहे हैं कि वे डिप्लोमैटिक समाधान पसंद करते हैं, लेकिन अगर ईरान होर्मुज स्ट्रेट में या सहयोगियों के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियां जारी रखता है, तो उनके पास सभी विकल्प खुले हैं।"

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →