अंबेडकर यूनिवर्सिटी दिल्ली में 56 नॉन-टीचिंग पदों पर भर्ती, 20 अक्टूबर तक करें आवेदन
अगर आप दिल्ली के किसी प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में नौकरी करने के इच्छुक हैं, तो डॉ. बी. आर. अंबेडकर विश्वविद्यालय (AUD) में एक अच्छा अवसर है। विश्वविद्यालय ने सीधी भर्ती और डेप्युटेशन के आधार पर 56…
अगर आप दिल्ली के किसी प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में नौकरी करने के इच्छुक हैं, तो डॉ. बी. आर. अंबेडकर विश्वविद्यालय (AUD) में एक अच्छा अवसर है। विश्वविद्यालय ने सीधी भर्ती और डेप्युटेशन के आधार पर 56 गैर-शैक्षणिक (नॉन-टीचिंग) पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर है।
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंबेडकर यूनिवर्सिटी दिल्ली की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय समय-सीमा के भीतर अपनी पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर लें। आवेदन शुल्क पद के अनुसार अलग-अलग है और इसका भुगतान भी ऑनलाइन ही करना होगा।
किन पदों पर कितनी रिक्तियाँ हैं?
विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक कुल 56 रिक्तियाँ हैं, जिनका विवरण इस प्रकार है:
- जूनियर असिस्टेंट/जूनियर असिस्टेंट कम केयरटेकर: 40 पद
- सीनियर असिस्टेंट: 6 पद
- सेक्शन ऑफिसर: 4 पद
- स्टाफ नर्स: 2 पद
- इंटरनल ऑडिट ऑफिसर: 1 पद
- सिस्टम एडमिनिस्ट्रेटर (आईटी): 1 पद
- स्पोर्ट्स कोच (महिला): 1 पद
- जूनियर लाइब्रेरी असिस्टेंट: 1 पद
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास से लेकर पोस्ट-ग्रेजुएशन तक है। उदाहरण के लिए, जूनियर असिस्टेंट के लिए 12वीं पास होने के साथ-साथ 35/30 शब्द प्रति मिनट की अंग्रेजी/हिंदी टाइपिंग स्पीड अनिवार्य है, जबकि सेक्शन ऑफिसर के लिए पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री और सीनियर असिस्टेंट के लिए ग्रेजुएशन की डिग्री आवश्यक है। सभी पदों के लिए संबंधित क्षेत्र में अनुभव और अन्य कौशल भी निर्धारित किए गए हैं।
आवेदकों की अधिकतम आयु सीमा पद के अनुसार 27 से 56 वर्ष के बीच रखी गई है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया और वेतन
योग्य उम्मीदवारों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, मेरिट लिस्ट, टेस्ट/इंटरव्यू और दस्तावेज़ सत्यापन जैसे चरणों के आधार पर किया जाएगा। चयनित होने पर वेतन 7वें वेतन आयोग (7th CPC) के तहत पे-लेवल 2 से लेकर लेवल 12 तक होगा, जो पद पर निर्भर करेगा। विस्तृत जानकारी के लिए उम्मीदवारों को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी आधिकारिक अधिसूचना देखने की सलाह दी जाती है।
इनपुट: IANS



