Akhilesh Yadav : UP में कोई सीटें मांगेगा तो Uttarakhand और Madhya Pradesh में सीट लूंगा, पर डील किससे करने जा रहे अखिलेश?
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष की निगाहें मध्य प्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों पर टिकी हैं। उन्होंने कहा है कि कोई उनसे यूपी में सीट मांगेगा तो वे बदले में एमपी और उत्तराखंड में सीट लेंगे। इसके बाद से चर्चा चल पड़ी है कि एमपी में अखिलेश किसके सहारे चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं।
हाइलाइट्स
- एमपी विधानसभा चुनावों पर है सपा प्रमुख अखिलेश यादव की नजर
- ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में रहा है समाजवादी पार्टी का प्रभाव
- बीजेपी से निष्कासित प्रीतम सिंह लोधी पर डोरे डाल रही सपा
ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में रहा है प्रभाव
उत्तर प्रदेश से लगे ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड क्षेत्रों में समाजवादी पार्टी का अच्छा खासा प्रभाव रहा है। पहले के चुनावों में पार्टी को अधिकांश जीतें भी इन्हीं इलाकों में हासिल हुई हैं। समाजवादी पार्टी का इन इलाकों में मजबूत संगठन है। यादव सम्मेलन जैसे आयोजनों में भागीदारी कर पार्टी अपनी उपस्थिति दर्ज भी कराती रही है।
2003 में मिली थीं सात सीटें
उत्तर प्रदेश के बाहर समाजवादी पार्टी को मजबूत राजनीतिक ताकत नहीं माना जाता, लेकिन पिछले साल सितंबर में अखिलेश यादव ने सपा को राष्ट्रीय पार्टी बनाने का संकल्प लिया था। इस लिहाज से एमपी में इस साल होने वाला विधानसभा चुनाव उनके लिए काफी महत्वपूर्ण हो सकता है। एमपी में सपा को सबसे बड़ी कामयाबी 2003 के विधानसभा चुनाव में मिली थी जब उसके सात उम्मीदवार जीते थे। 2008 में पार्टी का एक विधायक जीता था। 2018 में भी एक सीट पर सपा प्रत्याशी ने जीत हासिल की थी।
प्रीतम सिंह लोधी पर नजर
पिछले कई महीनों से सपा की नजर बीजेपी से निष्कासित प्रीतम सिंह लोधी पर है। पिछले साल नवंबर महीने में लोधी ने किसानों के मुद्दे पर शिवपुरी में अनशन किया था। इसे तुड़वाने लखनऊ से सपा के तीन नेता आए थे। इनमें अखिलेश के भाई धर्मेंद्र यादव भी शामिल थे। इससे पहले मुलायम सिंह यादव की मौत के बाद प्रीतम लोधी लखनऊ जाकर अखिलेश से मिले थे। ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में लोध जाति के अच्छे खासे वोटर्स हैं और प्रीतम सिंह लोधी का उनमें काफी प्रभाव है।
उमा की नाराजगी भी हो सकती है मददगार
प्रीतम सिंह लोधी बीजेपी से नाराज चल रहीं पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के समर्थक हैं। कुछ सप्ताह पहले उमा शिवपुरी गई थीं और प्रीतम सिंह को अपना आशीर्वाद दिया था। उन्होंने प्रीतम से कहा था कि बीजेपी से बाहर रहकर वे ज्यादा असरदार हो सकते हैं। सपा यदि प्रीतम सिंह लोधी को अपने साथ जोड़ती है तो उसे उमा की नाराजगी का भी फायदा मिल सकता है।
आसपास के शहरों की खबरें
Navbharat Times News App: देश-दुनिया की खबरें, आपके शहर का हाल, एजुकेशन और बिज़नेस अपडेट्स, फिल्म और खेल की दुनिया की हलचल, वायरल न्यूज़ और धर्म-कर्म… पाएँ हिंदी की ताज़ा खबरें डाउनलोड करें NBT ऐप