Akhilesh Yadav: नकली विकास की परतें खुल रही हैं… अखिलेश का योगी सरकार पर बड़ा हमला

121
Akhilesh Yadav: नकली विकास की परतें खुल रही हैं… अखिलेश का योगी सरकार पर बड़ा हमला

Akhilesh Yadav: नकली विकास की परतें खुल रही हैं… अखिलेश का योगी सरकार पर बड़ा हमला

लखनऊ: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) अध्यक्ष अखिलेश यादव (Ahilesh Yadav) ने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर बड़ा हमला बोला है। अखिलेश ने कानून व्यवस्था से लेकर बेरोजगारी और महंगाई तक के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरने की कोशिश की। प्रदेश की मुख्य विपक्षी दल के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की नकली विकास की परतें खुलती जा रही हैं, खुद सरकारी आंकड़े ही भाजपा सरकार की नकारात्मक उपलब्धियों और झूठे दावों की पोल खोल रहे हैं।

सपा मुखिया ने कहा जहां पुलिस की हिरासत में मौतों के मामलें में उत्तर प्रदेश नम्बर वन है। वहीं, केन्द्र सरकार के रोजगार सम्बंधी झूठ की सच्चाई भी सामने आ गई है। किस तरह लोगों को भ्रमित करने की साजिशें भाजपा रचती है, यह सामने आया है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने यूपी पुलिस को कटघरे में खड़ा करते हुए सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा पुलिस की हिरासत में मौत होना दरअसल हत्या के बराबर होता है। इस मामले में उत्तर प्रदेश का नम्बर वन होना प्रदेश की बीजेपी सरकार पर कलंक से कम नहीं है।

अखिलेश यादव ने आंकड़ा गिनाते कहा कि उत्तर प्रदेश में वर्ष 2020 से 2021 तक पुलिस हिरासत में 451 मौतें हुईं। वहीं, 2021 से 2022 में ये आंकड़ा बढ़कर 501 पहुंच गया। इस तरह 2020 से 2022 के बीच भाजपा राज में उत्तर प्रदेश में कुल 952 पुलिस हिरासत में मौतें हुई हैं। प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि प्रदेश जंगलराज में तब्दील हो गया है। कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। अपराधियों की पौबारह है। सत्ता के संरक्षण में सभी बेखौफ हैं। भाजपा सरकार पूंजीघरानों की पक्षधर है। इसलिए उसे गरीबों की हाय की कतई परवाह नहीं है।

अखिलेश यादव ने कहा कि रोजाना दुष्कर्म की घटनाओं के अलावा लूट, अपहरण और हत्याएं हो रही हैं। पुलिस हिरासत में मौतों पर तो राज्य सरकार को मानवाधिकार आयोग ने न जाने कितनी बार नोटिसें दे चुका है। फर्जी एनकाउंटरों की जांच में पुलिस अफसर तक फंस रहे हैं। अखिलेश ने सरकार के वादे को याद दिलाया अखिलेश यादव यहीं नहीं रुके, उन्होंने बेरोजगारी के मुद्दे पर भी बीजेपी सरकार को आड़े हाथों लिया है। सपा मुखिया ने कहा आठ साल की भाजपा सरकार में बड़ी तादात में युवा बेरोजगारी का दंश झेल रहे हैं।

अखिलेश यादव ने दावा किया कि वर्ष 2014 के बाद से 22 करोड़ लोगों ने केन्द्र सरकार में नौकरी के लिए आवेदन किया है, लेकिन सिर्फ 7 लाख 22 हजार 311 युवाओं को ही नौकरी मिली है। अखिलेश ने कहा भाजपा ने 2 करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था जो वादा ही रह गया। उत्तर प्रदेश में भी भाजपा सरकार युवाओं को नौकारी देने में फिसड्डी ही साबित हुई है। सपा मुखिया ने कहा आंकड़ों से साफ है कि भाजपा की डबल इंजन सरकारें झूठे प्रचार के ही सहारे अपना कार्यकाल पूरा कर रही है।

अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में जंगलराज है। महंगाई, बेकारी और भ्रष्टाचार की मार से आम आदमी परेशान है। भाजपा जनरोष से बचने के लिए क्षणिक उत्तेजना वाले मुद्दे उछाल कर अपना बचाव कर रही है। उसकी मंशा सच को छुपाने और झूठ फरेब को बढ़ाने की है। (रिपोर्ट : अभय सिंह)

राजनीति की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – राजनीति
News