अखिलेश करेंगे 2019 चुनाव को लेकर पार्टी नेताओं संग मंत्रणा

432
अखिलेश करेंगे 2019 चुनाव को लेकर पार्टी नेताओं संग मंत्रणा

यूपी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से गठबंधन के बाद भी सपा बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पायी, उसके बाद हाल में ही संपन्न हुए निकाय चुनाव में 16 नगर निगमों में से सपा एक पर भी फतह हासिल नहीं कर पाई। ऐसे में अखिलेश यादव को भी 2019 के लोकसभा चुनाव में अपने प्रदर्शन को लेकर फिकर हो रही है।

Akhilesh yadav 1 -

पार्टी ने प्रदेश के हाल में जीते सभी नगर पालिका चेयरमैन, नगर पंचायत अध्यक्ष और नगर निगम के पार्षदों को 16 दिसंबर को लखनऊ बुलाया है। बैठक में चुनाव में सामने आ रही दिक्कतों और उन्हें दूर कर सफलता हासिल करने पर चर्चा की जाएगी।

दरअसल, हाल ही में संपन्न हुए निकाय चुनाव में समाजवादी पार्टी को उम्मीद के मुताबिक परिणाम नहीं मिले। 16 नगर निगमों में से वह एक भी नहीं जीत पाई। नगर पालिका और नगर पंचायत में भी कम प्रत्याशी ही साइकल के निशान पर जीते। समाजवादी पार्टी की बड़ी चिंता यह है कि निकाय चुनाव में उसका सबसे मजबूत मुस्लिम वोट बीएसपी की तरफ चला गया। पिछड़ा वर्ग भी छिटक गया। इन वोटरों के पार्टी से मोहभंग की असल वजह क्या रही और उनको कैसे फिर से पार्टी से जोड़ा जाए, इस को लेकर पार्टी गंभीर है।

प्रदेशाध्यक्ष नरेश उत्तम की तरफ से पार्टी से जीते नगर पालिका चेयरमैन, नगर पंचायत अध्यक्ष और 16 नगर निगमों में एसपी के पार्षदों के भेजे पत्र में 16 दिसंबर को सुबह दस बजे लखनऊ पहुंचने का कहा गया है। बताया है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव उनको संबोधित करेंगे।

पार्टी के प्रदेश सचिव दिनेश गुर्जर का कहना है कि निकाय चुनाव स्थानीय मुद्दों पर लड़े जाते हैं। बीजेपी के खिलाफ विपक्ष जगह जगह अलग-अलग दलों के प्रत्याशियों के पक्ष में लामबंद हुआ है। 2019 में समाजवादी पार्टी 50 लोकसभा सीट यूपी में जीतेगी।