वाराणसी में अखिलेश यादव का तंज: 'डबल इंजन' वालों को जनता ने 'डबल हार' दी, मेट्रो का किया वादा
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को वाराणसी में भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। हाल ही में हुए विधान परिषद (MLC) चुनावों में मिली…
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को वाराणसी में भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। हाल ही में हुए विधान परिषद (MLC) चुनावों में मिली जीत के बाद पहली बार काशी पहुंचे अखिलेश ने कहा कि यहां की जनता ने भाजपा को दोहरी हार का संदेश दिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग 'डबल इंजन' और 'डबल रफ्तार' के विकास की बात करते थे, उन्हें बनारस ने 'डबल हार' और 'डबल जीरो' दिया है।
सपा प्रमुख का लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने सपा नेताओं आशुतोष सिन्हा और लाल बिहारी यादव की एमएलसी चुनाव में हुई जीत को भाजपा के दावों की हकीकत बताने वाला बताया। अखिलेश ने कहा, "भाजपा के जाने पर ही बनारस मुस्कुराएगा।"
काशी की समस्याएं और सपा के वादे
अखिलेश यादव ने वाराणसी की यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शहर में जाम की समस्या लगातार बनी हुई है और भाजपा सरकार इसे सुधारने में पूरी तरह नाकाम रही है। उन्होंने वादा किया कि अगर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो वाराणसी में मेट्रो का निर्माण कराकर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा, जिससे लोगों को आवागमन में सुविधा हो।
इसके अलावा, सपा अध्यक्ष ने रोपवे और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम जैसी परियोजनाओं का जिक्र करते हुए भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इन परियोजनाओं के सहारे पूरे पूर्वांचल को जीतने की बात हो रही है। उन्होंने कहा, "सबसे पहले धोखा देने वाले लखनऊ वाले ही हैं।"
किसानों-नौजवानों और स्थानीय मुद्दे
अपनी बातचीत में अखिलेश ने किसानों की समस्याओं, बेरोजगारी और शहर में गंदगी जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के जाने के बाद ही नौजवानों, किसानों समेत समाज के सभी वर्गों के लिए खुशहाली का रास्ता खुलेगा। अपने दौरे के दौरान, वह डाफी स्थित पार्टी के दिवंगत नेता राजेश यादव नत्थू के आवास भी पहुंचे। वहां उन्होंने राजेश यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनकी पत्नी चंदा यादव समेत शोक संतप्त परिवार से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त की।
इनपुट: IANS



