अभिषेक बनर्जी के घर पर हमला: सौगत रॉय ने पुलिस और BJP पर लगाए गंभीर आरोप, 'सरासर अन्याय' बताया
तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के आवास पर हुए हमले को लेकर पुलिस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर एक साथ निशाना साधा है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई को…
तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के आवास पर हुए हमले को लेकर पुलिस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर एक साथ निशाना साधा है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई को 'सरासर अन्याय' करार देते हुए आरोपी को जमानत मिलने और तृणमूल समर्थकों की गिरफ्तारी पर सवाल उठाए। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, रॉय ने इस घटना के अलावा रायगंज एनकाउंटर और 'दिमागी नक्सल' वाले बयानों को लेकर भी कड़ी आलोचना की।
वरिष्ठ सांसद ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने अभिषेक बनर्जी के घर पर हमला किया, लेकिन पुलिस ने हमलावरों पर नरम रुख अपनाया। लोकसभा सांसद सौगत रॉय ने कहा, "यह सरासर अन्याय है। अभिषेक बनर्जी अपने घर में थे। भाजपा के लोगों ने उनके घर पर हमला किया, ईंटें फेंकीं, बोतल से लोगों को मारा।" उन्होंने कहा कि अगर बनर्जी के जन्मदिन की तैयारी कर रहे लड़के वहां नहीं होते तो हमलावर घर में घुस जाते।
पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल
सौगत रॉय ने पुलिस की कार्यप्रणाली की निंदा करते हुए कहा, "इतना अन्याय है, सहा नहीं जाता। जिस आदमी ने पुलिस को थप्पड़ मारा, उसके खिलाफ जमानती धाराएं लगाई गई, उसकी बेल हो गई। तृणमूल कांग्रेस के तीन समर्थकों को गिरफ्तार किया गया। इसकी मैं निंदा करता हूं।"
अन्य मुद्दों पर भी भाजपा को घेरा
रॉय ने कई अन्य मामलों पर भी भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने दिवाली पर पटाखों पर पुलिस की निष्क्रियता का जिक्र करते हुए कहा कि एक तरफ पुलिस पटाखे इस्तेमाल न करने की बात करती है, तो दूसरी तरफ भाजपा विधायक इसे स्वास्थ्य के लिए अच्छा बताते हैं। उन्होंने कहा, "कल तो हम लोग रात दो-तीन बजे तक सो नहीं पाए, पटाखे फूटते रहे। पुलिस की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया।"
इसके अलावा, उन्होंने रायगंज एनकाउंटर को लेकर शुभेंदु अधिकारी की 'एनकाउंटर नीति' की आलोचना की और इसकी तुलना योगी आदित्यनाथ के शासन से की। 'दिमागी नक्सल' वाले बयान पर रॉय ने कहा कि सरकार के विरोधियों को इस तरह निशाना बनाना और लोगों को उकसाना पूरी तरह गलत है।
इनपुट: IANS



