बंद हुई वृद्धावस्था पेंशन मौके पर शुरू कराई: जिला कलेक्टर ने उपखंड स्तरीय जन सुनवाई में सुनीं आमजन की समस्याएं – Bundi News h3>
त्रिस्तरीय जन सुनवाई व्यवस्था के तहत गुरुवार को जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव ने बूंदी और हिंडोली पंचायत समिति में उपखंड स्तरीय जन सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। एक पीड़ित को बड़ी राहत मिली जब सत्यापन के अभाव में रुकी हुई वृद्धावस्था पेंशन को मौके पर ही दोबारा शुरू करवा दिया गया। बूंदी पंचायत समिति में जन सुनवाई के दौरान जिला कलेक्टर ने सड़कों की खराब हालत पर संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को गड्ढों को ग्रेवल के माध्यम से तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त अस्तोली से हट्टीपुरा तक सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा बनाई गई सड़क के किनारे पटरी बनवाने की मांग पर, उन्होंने पीडब्ल्यूडी और राजस्व विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से मौका मुआयना कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ग्रामीण सेवा शिविरों में आने वाले प्रकरणों का गंभीरता से निस्तारण किया जाए। उन्होंने जोर दिया कि पात्र व्यक्तियों को सभी सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ मिलना चाहिए। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और पूर्व निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार कार्यों को संपादित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि शिविर स्थल के बारे में आमजन को अधिक से अधिक जानकारी दी जाए ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। 12 जून से शहरी क्षेत्रों में आयोजित होने वाले ‘शहरी सेवा शिविरों’ के लिए, जिला कलेक्टर ने पट्टों के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को बारिश से पहले सभी नालियों और बड़े नालों की सफाई सुनिश्चित करने और खराब स्ट्रीट लाइटों की तुरंत मरम्मत करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला कलेक्टर ने स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना के तहत युवा उद्यमियों को पात्रता के अनुसार अधिकाधिक लाभ दिया जाएं। विलेज सेचुरेशन स्कीम, पीएम सूर्यघर योजना और पीएम कुसुम कम्पोनेंट जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाया जाए। इसके अतिरिक्त, उपखंड स्तर पर प्राप्त होने वाले प्रकरणों, विशेषकर संपर्क पोर्टल पर दर्ज मामलों, सीमाज्ञान, पत्थरगढ़ी, रास्ता दिलवाने के विवाद तथा पानी-बिजली की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान कार्यवाहक उपखंड अधिकारी बूंदी बनवारी लाल बैरवां, उपखंड अधिकारी हिंडोली शिवराज मीणा, तहसीलदार बूंदी अर्जुन लाल मीणा, तहसीलदार हिंडोली बनवारी लाल मीणा सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
