ब्रिक्स सम्मेलन से पहले विदेशी मेहमानों ने चखा इंदौरी स्वाद: 56 दुकान पर व्यंजनों का लिया लुत्फ, कल वैश्विक कृषि मंथन का केंद्र बनेगा इंदौर – Indore News h3>
9 से 13 जून तक इंदौर में आयोजित होने वाले ब्रिक्स देशों के कृषि सम्मेलन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है।
.
सोमवार को एआईसीटीएसएल कार्यालय में विभिन्न विभागों की बैठक आयोजित कर यातायात, सुरक्षा, आवागमन, स्वागत व्यवस्था और अन्य जरूरी तैयारियों की समीक्षा की गई।
सम्मेलन में शामिल होने के लिए सोमवार को साउथ अफ्रीका, इंडोनेशिया और इथोपिया से डेलीगेट्स इंदौर पहुंचे। विदेशी प्रतिनिधियों ने शहर की प्रसिद्ध 56 दुकान पहुंचकर इंदौरी खानपान का स्वाद चखा। उन्होंने दही-बड़े, कचोरी, जलेबी, गराड़ू, नमकीन और शिकंजी का आनंद लिया। विदेशी मेहमानों ने शहर की स्वच्छता और खाद्य संस्कृति की सराहना भी की। डेलीगेट्स की मौजूदगी से 56 दुकान क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना रहा।
ब्रिक्स सम्मेलन के लिए 56 दुकान पहुंचे डेलीगेट्स।
मध्यप्रदेश के किसानों को मिलेगा लाभ
कृषि उप संचालक ने बताया कि ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों और प्रतिनिधियों की बैठक वैश्विक कृषि परिदृश्य, खाद्य सुरक्षा, कृषि नवाचार और किसानों की आय बढ़ाने जैसे विषयों पर केंद्रित रहेगी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे संघर्षों और संकटों का असर कृषि क्षेत्र पर भी पड़ रहा है। ऐसे में ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग बढ़ने से कृषि व्यापार, तकनीक और खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम सामने आ सकते हैं, जिसका लाभ मध्यप्रदेश के किसानों को भी मिलेगा।
सम्मेलन के दौरान कृषि नवाचार, आधुनिक तकनीक, सतत कृषि विकास और खाद्य सुरक्षा जैसे विषयों पर विभिन्न तकनीकी सत्र और विशेषज्ञ परिचर्चाएं आयोजित की जाएंगी। इसमें सदस्य देशों के प्रतिनिधि अपने अनुभव और सफल मॉडल साझा करेंगे।
56 दुकान पहुंचकर डेलीगेट्स ने यहां के खान-पान का लुत्फ उठाया।
विरासत से परिचित कराया जाएगा
सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि यह सम्मेलन देश और प्रदेश दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण अवसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ब्रिक्स देशों से जुड़े सम्मेलन देश के अलग-अलग शहरों में आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि विदेशी प्रतिनिधियों को इंदौर की सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक धरोहरों से भी परिचित कराया जाएगा। इसके तहत उन्हें राजवाड़ा, सराफा, कृष्णपुरा छत्रियां सहित शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
सांसद ने कहा कि सम्मेलन के दौरान कृषि क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा होगी। ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्री, नीति-निर्माता और विशेषज्ञ कृषि नवाचार, खाद्य सुरक्षा, आधुनिक तकनीक और किसानों की आय बढ़ाने जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। सम्मेलन के अंत में एक साझा घोषणा-पत्र भी तैयार किया जाएगा, जो भविष्य की वैश्विक कृषि नीतियों के लिए दिशा-निर्देशक साबित हो सकता है।
उन्होंने विश्वास जताया कि इंदौर में आयोजित यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन शहर और देश की वैश्विक प्रतिष्ठा को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
ये खबर भी पढ़ें…
इंदौर में कल से शुरू होगा ब्रिक्स देशों का सम्मेलन
भारत इस साल ब्रिक्स (BRICS) की अध्यक्षता कर रहा है। इसी क्रम में मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में ब्रिक्स कृषि मंत्रियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है । केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इस बड़े आयोजन की विस्तृत रूपरेखा साझा की।पूरी खबर पढ़ें



