सीधी में आधी रात लगी इन्द्रजीत पटेल की प्रतिमा: सुबह सियासत गरमाई, समर्थक बोले- सम्मान, विरोधियों ने उठाए सवाल – Sidhi News h3>
सीधी शहर में पूर्व शिक्षामंत्री एवं सात बार विधायक रहे इन्द्रजीत पटेल की प्रतिमा स्थापना को लेकर राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। रविवार देर रात उनके समर्थकों ने प्रस्तावित स्थल पर प्रतिमा स्थापित कर दी। इसके बाद शहर में चर्चा, समर्थन और विरोध का दौर शुरू हो गया है। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने प्रतिमा स्थल के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया है। जानकारी के अनुसार, प्रतिमा स्थापना के लिए वर्ष 2023 में नपा परिषद को आवेदन प्रस्तुत किया गया था। वरिष्ठ अधिवक्ता विनोद वर्मा ने बताया कि नपा की बैठक में प्रतिमा स्थापना का प्रस्ताव भी पारित हुआ था। हालांकि, इसके अनावरण और स्थापना की अनुमति के लिए प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर लगातार प्रयास किए गए, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस निर्णय नहीं हो सका। समर्थकों का कहना है कि वर्षों तक प्रतीक्षा के बाद भी जब प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी, तब स्थानीय नागरिकों और इन्द्रजीत पटेल के अनुयायियों ने जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रतिमा को प्रस्तावित स्थल पर स्थापित करने का निर्णय लिया। सोमवार सुबह प्रतिमा स्थापना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचने लगे और इसे जिले के लोकप्रिय नेता को सच्ची श्रद्धांजलि बताया। हालांकि, प्रतिमा स्थापना की इस प्रक्रिया को लेकर कुछ लोगों ने सवाल भी खड़े किए हैं। विरोध के स्वर सामने आने के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कोतवाली थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। कानून व्यवस्था नियंत्रण में कोतवाली थाने में पदस्थ उप निरीक्षक विवेक द्विवेदी ने बताया कि प्रतिमा स्थापना की जानकारी मिलने के बाद किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति या विवाद को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने पुष्टि की कि फिलहाल कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। गौरतलब है कि इन्द्रजीत पटेल सीधी जिले की राजनीति का एक बड़ा चेहरा रहे हैं। ऐसे में उनकी प्रतिमा स्थापना का मुद्दा अब केवल सम्मान तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह प्रशासनिक प्रक्रियाओं, जनभावनाओं और राजनीतिक संदेश का विषय बन गया है।