कटनी में रेलवे कर्मचारी ने फांसी लगाई: परिजनों ने पत्नी पर प्रताड़ना का आरोप लगाया, बोले- दो दिन पहले थाने में की थी शिकायत – Katni News h3>
कटनी के नयागांव में एक 34 वर्षीय रेलवे कर्मचारी ने अपने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान विजेंद्र कुमार पेगवार (पिता शिव प्रसाद) के रूप में हुई है, जो रेलवे में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत थे। परिजनों ने उनकी पत्नी पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। मृतक के भाई राजकुमार ने बताया कि विजेंद्र का विवाह दो वर्ष पूर्व कंचन पेगवार के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। परिजनों का आरोप है कि कंचन विजेंद्र को झूठे दहेज प्रताड़ना के मुकदमे में फंसाने और जेल भिजवाने की धमकी देती थी। प्रताड़ना और दबाव के चलते विजेंद्र अपनी पत्नी के साथ मूल परिवार से अलग नयागांव में किराए के मकान में रह रहे थे। राजकुमार ने यह भी आरोप लगाया कि कंचन विजेंद्र को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के साथ-साथ गाली-गलौज और मारपीट भी करती थी। लगातार मिल रही धमकियों और घरेलू कलह के कारण विजेंद्र गहरे मानसिक तनाव में थे। इसी तनाव के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। दो दिन पहले दिया था आवेदन, पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया इस पूरे मामले में स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। मृतक के भाई राजकुमार ने बताया कि घटना से ठीक दो दिन पहले विजेंद्र ने एनकेजे थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। विजेंद्र ने पुलिस को बताया था कि उनकी पत्नी उन्हें दहेज एक्ट में फंसाने की धमकी दे रही है और उनके साथ मारपीट की जा रही है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने इस शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे विजेंद्र की जान बचाई जा सकती थी। विजेंद्र की मौत के बाद परिजनों ने जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि दोषी पत्नी और इस मामले में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि मृतक को न्याय मिल सके।
बयानों के आधार पर करेंगे कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही एनकेजे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयानों आधार पर बारीकी से जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।