डेयरी प्रोडक्ट्स महंगे, सरस डेयरी की नई रेट लिस्ट लागू: ज्यादातर प्रोडक्ट्स में 2 से 5 रुपए की बढ़ोतरी, बड़े पैक में 150 रुपए तक इजाफा – Chittorgarh News
डेयरी प्रोडक्ट्स महंगे, सरस डेयरी की नई रेट लिस्ट लागू: ज्यादातर प्रोडक्ट्स में 2 से 5 रुपए की बढ़ोतरी, बड़े पैक में 150 रुपए तक इजाफा – Chittorgarh News h3>
चित्तौड़गढ़-प्रतापगढ़ दुग्ध उत्पादन संघ ने एक बार फिर डेयरी प्रोडक्ट्स के दाम बढ़ा दिए हैं। सरस डेयरी की नई रेट लिस्ट शुक्रवार से लागू हो चुकी है और इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। अगर कुल मिलाकर देखा जाए तो ज्यादातर प्रोडक्ट्स में औसतन 2 से 5 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है, जबकि कुछ बड़े पैक में यह बढ़ोतरी 20 से 150 रुपए तक पहुंच रही है। यानी रोज इस्तेमाल होने वाले दूध, दही, पनीर और मावा अब पहले से महंगे हो गए हैं। पहले से ही महंगाई झेल रहे लोगों के लिए यह एक और झटका माना जा रहा है, क्योंकि ये ऐसे प्रोडक्ट हैं जो लगभग हर घर में रोज काम आते हैं। पनीर में सीधा 5 से 25 रुपए तक इजाफा पनीर के दाम में साफ तौर पर बढ़ोतरी देखने को मिली है। 200 ग्राम का पैक पहले 70 रुपए में मिल रहा था, जो अब 75 रुपए का हो गया है, यानी इसमें 5 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। वहीं 1 किलो पनीर का पैक 350 रुपए से बढ़ाकर 375 रुपए कर दिया गया है, यानी सीधे 25 रुपए बढ़ गए हैं। छोटे पैक में जहां बढ़ोतरी कम है, वहीं बड़े पैक में ज्यादा असर दिख रहा है। इससे साफ है कि जो लोग ज्यादा मात्रा में पनीर खरीदते हैं, उन्हें अब पहले से ज्यादा खर्च करना पड़ेगा। दही के हर पैक पर बढ़े दाम, बड़े पैक में ज्यादा असर दही की कीमतों में भी हर स्तर पर बढ़ोतरी की गई है। 200 ग्राम कप वाला दही 16 रुपए से बढ़कर 20 रुपए हो गया है, यानी 4 रुपए की बढ़ोतरी। पाउच वाला दही अब 12 रुपए का जगह 14 रुपए का हो गया है, जिसमें करीब 2 रुपए तक का इजाफा माना जा रहा है। 500 ग्राम का पैक 60 से बढ़कर 64 रुपए हो गया है, यानी 4 रुपए ज्यादा देने होंगे। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी 5 किलो मटके में देखने को मिली है, जहां दाम 325 रुपए से बढ़ाकर 350 रुपए कर दिए गए हैं, यानी सीधे 25 रुपए का फर्क आया है। मावा और दूध भी महंगे, हर जगह बढ़ा खर्च मावा के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं, जिससे मिठाई और घर के खास खाने बनाना महंगा हो जाएगा। 200 ग्राम मावा 64 से बढ़कर 68 रुपए हो गया है, यानी 4 रुपए की बढ़ोतरी। 1 किलो मावा 320 से 340 रुपए हो गया है, यानी 20 रुपए बढ़े हैं, जबकि 5 किलो मावा अब 1700 रुपए में मिलेगा, जिसमें 150 रुपए तक का फर्क आया है। पहले 5 किलो मावे का पैकेट 1550 रुपए में मिलता था। दूध की बात करें तो डबल टोंड दूध 42 से बढ़कर 44 रुपए प्रति लीटर हो गया है, यानी 2 रुपए की बढ़ोतरी। वहीं गोल्ड मिल्क के 500 मिली और 1 लीटर पैक दोनों में 2-2 रुपए बढ़े हैं, जो 66 से 68 रुपए हो गए हैं। 6 लीटर पैक में भी 2 रुपए प्रति लीटर का इजाफा हुआ है। कुल मिलाकर देखें तो हर प्रोडक्ट में थोड़ी-थोड़ी बढ़ोतरी हुई है, लेकिन सभी को मिलाकर यह बढ़ोतरी अब घर के बजट पर साफ असर डालने लगी है। गर्मी में दही की मांग ज्यादा, बढ़े दाम से बढ़ी परेशानी गर्मी के मौसम में दही की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, क्योंकि लोग इसे ठंडक और पाचन के लिए रोजाना इस्तेमाल करते हैं। ऐसे समय में दही के दाम बढ़ना सीधे तौर पर आम लोगों की परेशानी बढ़ाने वाला है। इसके अलावा पनीर, दूध और मावा भी ऐसी चीजें हैं जो सिर्फ खास मौके पर ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी में भी काम आती हैं। दूध हर घर की बेसिक जरूरत है, वहीं पनीर और मावा खाना बनाने और छोटे-मोटे फंक्शन में भी इस्तेमाल होते हैं। अब इन सभी चीजों के दाम बढ़ने से घर का बजट बिगड़ सकता है, खासकर मध्यम वर्ग और छोटे परिवारों पर इसका ज्यादा असर पड़ेगा।
राजस्थान की और समाचार देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – RajasthanNews