पिंडरई बाजार चोरी का खुलासा, पारदी गैंग के 5 गिरफ्तार: मंडला में 52 लाख रुपए से अधिक के जेवर, नगदी और वाहन बरामद – Mandla News h3>
मंडला पुलिस ने पिंडरई बाजार में सराफा व्यापारी से हुई लाखों की चोरी का खुलासा किया है। इस मामले में पारदी गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 52.89 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर, नगदी और वाहन बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में चौकी पिंडरई पुलिस ने की। जानकारी के अनुसार, यह घटना 25 अप्रैल 2026 को हुई थी। कन्हरगांव निवासी सराफा व्यापारी पवन कुमार सोनी ने चौकी पिंडरई में शिकायत दर्ज कराई थी कि पिंडरई बाजार में दुकान लगाने के दौरान अज्ञात बदमाशों ने उनका बैग चोरी कर लिया। बैग में सोने-चांदी के जेवर, नगदी, गिरवी रजिस्टर और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये थी। घटना के बाद पुलिस ने एक विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। जांच में पता चला कि आरोपी सीहोर जिले के लमटी राला पारदीपुरा क्षेत्र के निवासी हैं। वे कंगन, चूड़ी और रुद्राक्ष बेचने के बहाने मंडला, सिवनी और बालाघाट के बाजारों में घूमते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी समनापुर-सांगवा क्षेत्र के पास रेलवे लाइन किनारे अस्थायी डेरा बनाकर रह रहे थे। 25 अप्रैल को उन्होंने पिंडरई बाजार में रेकी की और मौका पाकर सराफा व्यापारी का बैग चुरा लिया। इसके बाद वे मोटरसाइकिल और अल्टो कार से फरार हो गए। चोरी के सामान का बंटवारा बाद में उनके डेरे पर किया गया। पुलिस ने इस मामले में तीन वयस्क आरोपियों और दो नाबालिग बालकों को पकड़ा है। उनके पास से 278 ग्राम सोने के आभूषण, 5 किलो 492 ग्राम चांदी के जेवर, 30 हजार रुपये नगद, एक अल्टो कार और एक TVS राइडर मोटरसाइकिल जब्त की गई है। चोरी के त्वरित खुलासे और शत-प्रतिशत बरामदगी पर डीजीपी और आईजी ने पुलिस टीम को 20 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। एडिशनल एसपी राजकुमार वर्मा के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि चोरी का माल नैनपुर में जहां इनका अस्थायी डेरा था वहीं नाले के नजदीक गाड़ रखा है। आरोपियों की निशानदेही पर माल बरामद कर लिया गया।