जयपुर आने वाले 180 पैसेंजर्स 7 घंटे तक हुए परेशान: स्पाइसजेट फ्लाइट SG-169 घंटों लेट, मुंबई एयरपोर्ट पर पैसेंजर्स ने किया हंगामा – Jaipur News h3>
जयपुर आने वाले करीब 180 पैसेंजर्स को स्पाइसजेट की मुंबई-जयपुर फ्लाइट SG – 169 की लेट लतीफी के कारण साढ़े 7 घंटे तक एयरपोर्ट पर परेशान होना पड़ा। लगातार फ्लाइट का समय बदलने, सही जानकारी नहीं मिलने और खाने-पीने जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव ने पैसेंजर्स का गुस्सा बढ़ा दिया। नाराज पैसेंजर्स ने मुंबई एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट के काउंटर पर जमकर हंगामा भी किया। दरअसल, मुंबई से जयपुर आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG – 169 को रात 8 बजकर 30 मिनट पर टेकऑफ करना था। कई पैसेंजर शाम 6 बजे से ही एयरपर्ट पर पहुंचकर अपनी उड़ान का इंतजार कर रहे थे। लेकिन निर्धारित समय पर फ्लाइट रवाना नहीं हुई। एयरलाइन की ओर से पहले फ्लाइट का नया समय रात 9 बजकर 10 मिनट बताया गया। इसके बाद फिर समय बदलकर रात 12 बजकर 25 मिनट कर दिया गया। लगातार बदलते समय और स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से पैसेंजर्स की परेशानी बढ़ती चली गई। आखिरकार फ्लाइट रात 1 बजकर 33 मिनट पर मुंबई से जयपुर के लिए रवाना हो सकी। जो रात 3 बजकर 10 मिनट पर जयपुर एयरपोर्ट पर लैंड हुई। इस दौरान पैसेंजर्स ने आरोप लगाया कि एयरलाइन की ओर से उन्हें सही स्थिति की जानकारी नहीं दी जा रही थी। बार-बार केवल समय बदलकर बताया जा रहा था, लेकिन देरी का स्पष्ट कारण नहीं बताया गया। कई पैसेंजर्स ने कहा कि घंटों इंतजार के बावजूद उन्हें खाने-पीने की पर्याप्त सुविधा भी उपलब्ध नहीं करवाई गई। पैसेंजर्स का कहना था कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। लंबे इंतजार और अव्यवस्थित प्रबंधन के कारण लोग बेहद परेशान नजर आए। कई पैसेंजर्स ने एयरलाइन के खराब मैनेजमेंट पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर फ्लाइट इतनी देर से थी तो पहले ही स्पष्ट सूचना दी जानी चाहिए थी। इस दौरान मुंबई एयरपोर्ट पर पैसेंजर्स ने स्पाइसजेट के काउंटर पर विरोध करना शुरू कर दिया। पैसेंजर्स ने एयरलाइन पर जानकारी छिपाने और सुविधाएं नहीं देने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पैसेंजर्स ने सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप कर लगातार बढ़ रही फ्लाइट देरी की घटनाओं के बीच एयरलाइंस कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हो उसको लेकर कोई ठोस नीति बनाने की भी मांग रखी।
राजस्थान की और समाचार देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – RajasthanNews