डेढ़ साल पहले हुई थी जुबिन नौटियाल की शादी: पिता बोले- बचपन की दोस्त के साथ लिए फेरे, अब सामने आई जानकारी – Dehradun News h3>
उत्तराखंड के देहरादून के रहने वाले बॉलीवुड सिंगर जुबिन नौटियाल की शादी डेढ़ साल पहले हो चुकी है। ये जानकारी उनके पिता रामशरण नौटियाल ने दैनिक भास्कर को दी है। उन्होंने कहा कि जुबिन ने बेहद ही ट्रेडिशनल तरीके से अपनी बचपन की दोस्त के साथ सात फेरे लिए थे। शादी में केवल परिवार के सदस्य और नजदीकी लोग ही शामिल हुए थे, जिसकी जानकारी अब साझा की गई है। जुबिन नौटियाल की शादी बाहर की गई थी। जुबिन के पिता देहरादून में ही रहते हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल इस विषय पर ज्यादा कुछ कहना सही नहीं होगा। जुबिन के पिता ने 2014 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा ज्वाइन की जुबिन नौटियाल के पिता ने देहरादून जिले की चकराता विधानसभा सीट से 2022 का विधानसभा चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़ा था, लेकिन उन्हें कांग्रेस के प्रीतम सिंह ने 9,436 वोट से हरा दिया था। इससे पहले रामशरण नौटियाल देहरादून जिला पंचायत के अध्यक्ष पद पर दो बार (लगभग 10 साल) रहे। उन्होंने 6 नवंबर 1997 को अविभाजित उत्तर प्रदेश के समय जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में ‘नवीन चकराता’ टाउनशिप की आधारशिला रखी थी। उत्तराखंड राज्य बनने के बाद भी वह इस पद पर रहे। रामशरण नौटियाल अपने राजनीतिक करियर के शुरुआती दौर से ही कांग्रेस के सक्रिय सदस्य रहे। इसके बाद उन्होंने अप्रैल 2014 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा ज्वाइन की थी। कौन हैं जुबिन नौटियाल? जुबिन नौटियाल ने सॉफ्ट आवाज के दम पर बॉलीवुड में खास पहचान बनाई है। उन्हें प्लेबैक सिंगिंग के लिए जाना जाता है। उनका जन्म 14 जून 1989 को उत्तराखंड के देहरादून में हुआ। अपनी सॉफ्ट और रोमांटिक आवाज के कारण उन्होंने इंडियन म्यूजिक इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाई है। जुबिन ने अपने करियर की शुरुआत म्यूजिक रियलिटी शो X Factor India से की थी। इसके बाद उन्होंने फिल्मों में गाने गाने शुरू किए और धीरे-धीरे हिट सिंगर्स की लिस्ट में शामिल हो गए। उनके गाए कई गाने सुपरहिट रहे हैं। ‘रातां लंबियां’, ‘तुम ही आना’, ‘लुट गए’, ‘काबिल हूं’ और ‘अंख लड़ जावे’ जैसे गानों ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। उनकी आवाज खासतौर पर रोमांटिक और इमोशनल गानों के लिए पसंद की जाती है। जुबिन नौटियाल की देशभर में मजबूत फैन फॉलोइंग है। वह लाइव कॉन्सर्ट और स्टेज परफॉर्मेंस के लिए भी जाने जाते हैं। पर्सनल लाइफ की बात करें तो जुबिन अपनी निजी जिंदगी को लाइमलाइट से दूर रखते हैं। हाल ही में उनकी शादी को लेकर खबरें चर्चा में हैं, हालांकि इस पर उनकी ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। हम इस खबर को लगातार अपडेट कर रहे हैं…