तस्करों ने सरकारी स्कूल के शौचालय को बनाया गोदाम: शराब पीकर घर पहुंचा चौथी क्लास का बच्चा, शिक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सुरक्षा पर सवाल – Begusarai News h3>
बेगूसराय में सरकारी स्कूल के शौचालय को शराब का गोदाम बनाए जाने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि स्कूल कैंपस में रखे शराब के संबंध में प्रिंसिपल भी कुछ बता नहीं पा रहे हैं। मामले का खुलासा तब हुआ जब उसी शराब को पीकर एक मासूम छात्र नशे की हालत में घर पहुंच गया। जिससे शिक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पूरा मामला बछवाड़ा थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सिसवा का है। शौचालय के पास शराब की पेटियां रखी थी जानकारी के अनुसार चौथे क्लास का छात्र मोहम्मद शोएब(11) जब स्कूल से घर पहुंचा तो उसकी हालत असामान्य थी। वह लड़खड़ा रहा था और मुंह से शराब की तेज गंध आ रही थी। मां रिजवाना खातून और चाचा मोहम्मद खुर्शीद ने बताया कि शोएब की हालत देखकर वे सन्न रह गए। जब उसके दोस्तों से पूछताछ की गई तो पता चला कि स्कूल के पीछे स्थित बंद पड़े शौचालय के पास शराब की पेटियां रखी हुई थी। खेल-खेल में शोएब ने वहां से शराब उठाकर पी ली, जिसके बाद वह नशे की हालत में घर पहुंचा। परिजन तुरंत स्थानीय लोगों के साथ स्कूल पहुंचे और प्रिंसिपल को पूरी बात बताई। सभी लोग स्कूल के पीछे स्थित शौचालय के पास पहुंचे, जहां का दृश्य देखकर हर कोई हैरान रह गया। वहां भारी मात्रा में शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थी।
प्रिंसिपल मोहम्मद मुर्शाली ने बताया कि उन्हें छात्र के परिजनों जानकारी मिली। इसके बाद जब उन्होंने विद्यालय के पूर्वी हिस्से में स्थित बंद पड़े शौचालय की जांच की, तो वहां कई पेटियां शराब की पाई गई। यह स्पष्ट हो गया कि स्कूल परिसर का इस्तेमाल अवैध रूप से शराब छिपाने के लिए किया जा रहा था। मामले की सूचना तुरंत डायल-112 को दी गई। डायल-112 से 15545 पर फोन करने के लिए कहा गया। इसके बाद सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शौचालय से शराब की पेटियां बरामद की। स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिस ने करीब 25 पेटियां शराब जब्त की है। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि स्कूल जैसे सुरक्षित और संवेदनशील स्थान पर इस तरह शराब रखना गंभीर मामला है। बच्चे की हालत खतरे से बाहर यह बड़ी लापरवाही और आपराधिक गतिविधि का संकेत है। इससे बच्चों की सुरक्षा पर सीधा खतरा पैदा हो गया है। इधर, छात्र मोहम्मद शोएब का स्थानीय डॉक्टरों द्वारा इलाज किया गया। परिजनों के अनुसार फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य है और वह खतरे से बाहर है। लेकिन इस घटना ने सभी अभिभावकों को गहरे सकते में डाल दिया है। कानून व्यवस्था और शराबबंदी पर सवाल इस मामले में बछवाड़ा थानाध्यक्ष से संपर्क करने की कई बार कोशिश की गई, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका। पुलिस की ओर से अब तक इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल बड़ा सवाल बना हुआ है कि आखिर स्कूल परिसर में इतनी बड़ी मात्रा में शराब किसने और कब रखी। क्या इसमें किसी स्थानीय नेटवर्क की संलिप्तता है। क्या इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन कोई ठोस कदम उठाएगा। यह घटना न सिर्फ कानून व्यवस्था और शराबबंदी पर सवाल उठाती है। बल्कि बच्चों की सुरक्षा, पुलिस के खुफिया तंत्र और स्कूलों की निगरानी व्यवस्था की गंभीर खामियों को भी उजागर करती है। अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी और गंभीरता से कार्रवाई करता है।
बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – BiharNews