विकास दुबे गैंग के 4 बदमाशों को सजा: कानपुर में ऑटोमैटिक मशीन गन के साथ पकड़े गए थे, बिकरु कांड में किया था इस्तेमाल – Kanpur News h3>
बिकरू कांड के बाद भाग बदमाशों से प्रतिबंधित असलहा बरामद होने के मामले में एडीजे-27 की कोर्ट ने चार आरोपियों को सजा सुनाई है। बरामद हथियारों का इस्तेमाल कुख्यात विकास दुबे और उसके साथियों ने किया गया था। जिसमें सीओ देवेंद्र मिश्रा समेत 8 पुलिसकर्मी शहीद हुए थे, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। डीजीसी दिलीप अवस्थी, एडीजीसी विनोद त्रिपाठी, दिनेश अग्रवाल और पंकज त्रिपाठी ने बताया- संजय, अभिनव, रामजी और शुभम के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत चार्जशीट दाखिल की गई थी। कोर्ट ने सबूतों और गवाहों के आधार पर चारों को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई। इसमें रामजी और संजय को सात-सात साल की सजा, जबकि अभिनव और शुभम को ढाई-ढाई साल की सजा दी गई है। साथ ही, रामजी पर 15 हजार, संजय पर 10 हजार और अभिनव व शुभम पर 5-5 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियार लेकर पनकी थाना क्षेत्र में पहुंचे थे, जहां वे राजस्थान के लोगों को हथियार बेचने की फिराक में थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें पनकी अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। 2 जुलाई 2020 को हुआ था हत्याकांड कानपुर देहात के बिकरू में 2 जुलाई 2020 को विकास दुबे गैंग ने बिल्हौर सीओ देवेंद्र मिश्रा समेत 8 पुलिसकर्मियों की गोली मार कर हत्या कर दी थी। घटना के बाद मुख्य कुख्यात विकास दुबे की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई थी। गोली कांड के बाद विकास के साथी संजय सिंह परिहार उर्फ टिंकू, अभिनव तिवारी उर्फ चिंकू, रामजी उर्फ राधे कश्यप और शुभम पाल हथियारों को बेचने की फिराक में पनकी आ गए थे। पनकी पुलिस ने भौती अंडरपास से 1 मार्च 2021 को चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने संजय के पास से एक कार्बाइन ऑटोमैटिक मशीन गन, अभिनव के पास से एक इंग्लिश राइफल मेड इन यूएसए स्प्रिंग फील्ड सेमी ऑटोमैटिक और 10 जिंदा कारतूस, रामजी उर्फ राधे के पास से एक देसी बंदूक 12 बोर, 25 जिंदा कारतूस, एके 47 के दो जिंदा कारतूस, और 7.62 एमएम के 20 जिंदा कारतूस व शुभम पाल के पास से एक रिवाल्वर और 40 जिंदा कारतूस व 32 बोर पिस्टल के चार जिंदा कारतूस, एक अद्धी तमंचा, एक रिवाल्वर 38 बोर और उसका एक जिंदा कारतूस बरामद किया था।
उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar PradeshNews