गैस सिलेंडर किल्लत से आमजन परेशान: झाबुआ में आप ने नायब तहसीलदार से की शिकायत, कार्रवाई की मांग – Jhabua News h3>
झाबुआ जिले और आसपास के क्षेत्रों में घरेलू गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत बनी हुई है। इससे आम जनता को दैनिक जीवन में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिलने के कारण बार-बार एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इस गंभीर समस्या के समाधान की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) झाबुआ ने भारत सरकार के खाद्य एवं पेट्रोलियम मंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा है। यह ज्ञापन आप जिलाध्यक्ष कमलेश सिंगाड की अध्यक्षता में झाबुआ नायब तहसीलदार ललित नांदले को दिया गया। ज्ञापन में बताया गया है कि वर्तमान में गैस सिलेंडर की बुकिंग के लिए निर्धारित 21 दिनों की अवधि उपभोक्ताओं के लिए असुविधाजनक है। पार्टी ने मांग की है कि इस अवधि को घटाकर पुनः 15 दिन किया जाए, ताकि लोगों को समय पर गैस मिल सके। इसके अतिरिक्त, जिले में पेट्रोल और डीजल की अनियमित उपलब्धता के कारण आमजन, किसान और वाहन चालकों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर ईंधन के लिए लंबी कतारें देखी जा रही हैं। ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि गैस एजेंसियां वर्तमान में सीमित दिनों और समय में संचालित हो रही हैं, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी होती है। पार्टी ने सुझाव दिया है कि गैस एजेंसियों को पेट्रोल पंप की तरह वर्ष के 365 दिन नियमित रूप से संचालित किया जाए। आम आदमी पार्टी झाबुआ ने प्रशासन से आग्रह किया है कि इस जनहित से जुड़ी गंभीर समस्या पर शीघ्र ध्यान देकर ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। इस दौरान ज्ञापन सौंपते समय प्रदेश संगठन मंत्री रालू निनामा, प्रदेश संयुक्त सचिव मुख्तियार पठान, जिलाध्यक्ष कमलेश सिंगाड, जिला उपाध्यक्ष नान सिंह भूरिया और अनसिह वासकेला, एसटी विंग जिलाध्यक्ष मुनसिह अजनार, यूथ विंग जिलाध्यक्ष जीतेन्द्र कटारा, जिला सचिव जुवान सिंह डामोर, चतर सिंह मेडा सहित युवा नेता कांति सिंगाड, संजय सिंगाड, कमल पचाहा, जयसिंह मेडा, अजय भूरिया, राधू डामोर और अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।