10 दिन से चल रहा 4 पार्षदों का धरना समाप्त: बुरहानपुर में उपयंत्री के लिखित आश्वासन पर माने, 5 घंटे चली बैठक – Burhanpur (MP) News h3>
बुरहानपुर जिले के नेपानगर में नगर पालिका परिषद के सामने लंबित निर्माण कार्यों और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर 9 मार्च से चल रहा 4 कांग्रेस महिला पार्षदों का धरना आंदोलन 10वें दिन बुधवार रात समाप्त हो गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और नगर पालिका अध्यक्ष के बीच करीब 5 घंटे चली लंबी बैठक के बाद, सीएमओ की अनुपस्थिति में उपयंत्री द्वारा दिए गए लिखित आश्वासन और पुष्पगुच्छ भेंट करने पर पार्षदों ने अपना आंदोलन खत्म किया। धरना समाप्त होने से पहले बुधवार दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नगर पालिका अध्यक्ष और पार्षदों के बीच लंबित कार्यों पर विस्तृत चर्चा हुई। चर्चा के बाद, सीएमओ मोहन अलावा की अनुपस्थिति में उपयंत्री प्रकाश बड़वाहे ने पार्षदों को लिखित आश्वासन दिया। उपयंत्री ने आश्वस्त किया कि सभी जनहित के कार्यों की फाइल तैयार कर तकनीकी स्वीकृति ली जाएगी। जिन कार्यों के वर्क ऑर्डर जारी हो चुके हैं, उन्हें शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। अनुपस्थित ठेकेदारों को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा जाएगा और आवश्यकतानुसार पुनः टेंडर प्रक्रिया अपनाई जाएगी। समय पर काम नहीं हुआ तो फिर उठेगी आवाज- पार्षद इस अवसर पर पार्षद योगिता पाटिल ने कहा कि, “वे जनहित के मुद्दों को लेकर धरना समाप्त कर रही हैं, लेकिन यदि कार्यों को समय पर पूरा नहीं किया गया, तो वे जनता की आवाज को और अधिक मजबूती से उठाएंगी।” कागजी आश्वासनों के लिए नहीं था आंदोलन: प्रतिनिधि पार्षद प्रतिनिधि राजेश पटेल ने बताया कि, “यह आंदोलन केवल कागजी आश्वासनों के लिए नहीं, बल्कि धरातल पर विकास कार्य कराने के लिए था।” उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि, “वार्ड क्रमांक 01 से 05 तक के सैकड़ों परिवार अभी भी नल-जल आवर्धन योजना के लाभ से वंचित हैं और मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। जनहित के मुद्दों पर उनका प्रयास जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर वे फिर से आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे।” धरना समाप्ति के दौरान ये रहे मौजूद धरना समाप्त होने के अवसर पर नपाध्यक्ष भारती पाटिल, कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रकाश सिंह बैस, ग्रामीण कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष जगमीत सिंह जॉली और विनोद पाटिल मौजूद थे। इनके अलावा पार्षद अनीशा पटेल, सपना पटेल, वर्षा ठाकरे, योगिता पाटिल, कैलाश पटेल, शांताराम ठाकरे, राजू पाटिल, प्रदीप मिसाल आदि उपस्थित रहे।