सिद्धार्थनगर में खूब सड़कें बनवाई: कपिलवस्तु विधायक श्याम धनी राही बोले- जाम से बचाने को रेलवे स्टेशन पर ओवरब्रिज पास कराया – Siddharthnagar News h3>
सिद्धार्थनगर जिले की कपिलवस्तु विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार विधायक बने श्याम धनी राही ने अपने कार्यकाल को विकास केंद्रित बताया है। योगी आदित्यनाथ के करीबी माने जाने वाले राही कहते हैं कि उनके काम का मूल्यांकन जनता करेगी। दैनिक NEWS4SOCIALसे खास बातचीत में विधायक ने सवालों के बेबाकी से जवाब दिए। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल: खुद को 10 में से कितने नंबर देंगे? जवाब: नंबर मुझे नहीं देना, मतदाता देंगे। मैं एक जनप्रतिनिधि हूं और जनता के बीच रहकर काम करता हूं। सवाल: अपने 9 साल के कार्यकाल में कौन से बड़े काम कराए? जवाब: दूसरे कार्यकाल में सड़क निर्माण और चौड़ीकरण पर विशेष फोकस किया गया। तेतरी से सोहास तक करीब 19 किमी सड़क का ऊंचीकरण और चौड़ीकरण, ककरही से अजगरा तक लगभग 18 किमी सड़क का विस्तार कराया। मोहना से लोटन तक करीब 15 किमी सड़क का निर्माण व चौड़ीकरण कराया। इसके अलावा कई अन्य सड़कों का निर्माण कर गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ा गया। अब क्षेत्र में कच्ची सड़कें लगभग खत्म हो चुकी हैं। पुल और पुलियों के निर्माण से आवागमन भी काफी आसान हुआ है। सवाल: ऐसा कौन सा काम है जो अभी बाकी है? जवाब: सिद्धार्थनगर रेलवे स्टेशन के पास बस स्टेशन होने से अक्सर जाम की समस्या रहती है। लोगों को कई बार घंटों फंसे रहना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर पुराने नौगढ़ पुल से तेतरी–सोहास मार्ग को जोड़ते हुए करीब 2 किमी लंबा ओवरब्रिज/बाईपास प्रस्तावित है। इस परियोजना को मुख्यमंत्री से मंजूरी मिल चुकी है और इसके बनने से शहर को जाम से बड़ी राहत मिलेगी। कलेक्ट्रेट, पुलिस लाइन, मेडिकल कॉलेज और रजिस्ट्री कार्यालय जैसे प्रमुख स्थानों तक पहुंच आसान हो जाएगी। सवाल: क्या आप फिर से टिकट के दावेदार हैं? जवाब: टिकट का फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा। भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व और मुख्यमंत्री तय करेंगे कि किसे उम्मीदवार बनाया जाए। सवाल: क्या इस बार भी टिकट मिलने का भरोसा है? जवाब: मैं पार्टी का कार्यकर्ता हूं। टिकट देना या न देना पार्टी का निर्णय है। जो भी फैसला होगा, उसे स्वीकार करूंगा।
उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar PradeshNews