युद्ध तनाव के बीच सीमित उड़ानें: घर वापसी महंगी, शारजाह की सीधी उड़ान 52 हजार, वाया में लग रहे 73-80 हजार – Jaipur News h3>
ईरान-इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़े युद्ध तनाव का असर हवाई यात्रा पर साफ दिखने लगा है। जयपुर सहित अन्य शहरों से घूमने के लिए दुबई या अबूधाबी गए यात्री अब वहां फंस गए हैं और भारत लौटने के लिए उन्हें अत्यधिक हवाई किराया चुकाना पड़ रहा है। सीमित उड़ानों और सुरक्षा अलर्ट के कारण एयरलाइंस की मनमानी किराया वसूली की शिकायतें सामने आ रही हैं। ईरान और इजराइल युद्ध के चलते यूएई में फंसे लोगों के लिए वापिस लौटना मुश्किल हो रहा है। ऐसे टूरिस्ट जिन्हें 1-2 मार्च के आस-पास लौटना था, उनके लिए जयपुर लौटना अब बहुत महंगा पड़ रहा है। पिछले कुछ दिनों में 70 से 80 हजार रुपए तक किराया वसूला गया है। दरअसल 28 फरवरी से ही फ्लाइट्स का संचालन गड़बड़ा गया। जयपुर एयरपोर्ट पर दुबई, शारजाह, अबूधाबी और मस्कट से फ्लाइट जयपुर आती हैं। वर्तमान में अबूधाबी और दुबई से जयपुर के लिए कोई फ्लाइट संचालित नहीं हो रही है। शारजाह से जयपुर के लिए फ्लाइट का संचालन पिछले दो दिन से शुरू हुआ है। वहीं मस्कट की फ्लाइट भी पिछले 11 दिनों में केवल 3 दिन संचालित हो सकी है।इस तरह यात्रियों से किराया वसूली में भारतीय एयरलाइंस ही सबसे आगे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कई भारतीय एयरलाइंस की फ्लाइट्स को निजी टिकट बुकिंग एजेंसियों ने हायर कर लिया है। ये एजेंसियां एक ही पीएनआर पर 50-50 यात्रियों को टिकट दे रही हैं। प्रति यात्री 50 से 80 हजार रुपए तक किराया वसूल किया जा रहा है। वहीं शारजाह से जयपुर की सिर्फ एक फ्लाइट पिछले दो दिन से संचालित हो रही है। 4 यात्रियों ने 2.89 लाख देकर की बुकिंग, एक का खर्च 81 हजार
जयपुर के 4 यात्रियों का दल 6 मार्च को दुबई से वापिस लौटा। उनकी दुबई से 2 घंटे दूर रस अल खैमा एयरपोर्ट से मुंबई की फ्लाइट बुक हुई। इंडियन एयरलाइंस एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आईएक्स-1001 में 4 यात्रियों की 2.89 लाख रुपए में बुकिंग हुई। प्रति यात्री 72487 रुपए किराया वसूल किया। इसके बाद मुंबई से जयपुर तक मिलाकर प्रत्येक 81 हजार चुकाने पड़े। यूएई में फंसे हर्षिल 84,040 रुपए देकर पहुंचे जयपुर
जयपुर निवासी हर्षिल बताते हैं कि वे घूमने के लिए यूएई गए थे, लेकिन युद्ध की वजह से वहां फंस गए। बाद में उन्हें फुजैरा से दिल्ली की फ्लाइट मिलने की जानकारी मिली। उन्होंने स्पाइसजेट की फ्लाइट संख्या एसजी-9082 और एसजी-9073 में टिकट बुक कराया, जिसके लिए उनसे 3361 दिरहम यानी 84,040 रुपए किराया लिया गया। जयपुर से शारजाह-मस्कट उड़ानें फिर से शुरू हुई, दुबई की फ्लाइट रद्द रही खाड़ी देशों के लिए जयपुर से उड़ान संचालन धीरे-धीरे सामान्य होने लगा है। अंतरराष्ट्रीय हालात के चलते प्रभावित हुई फ्लाइट्स अब एक-एक कर फिर से शुरू की जा रही हैं। मंगलवार को जयपुर से शारजाह और मस्कट के लिए फ्लाइट्स संचालित हुईं, जबकि दुबई की स्पाइसजेट फ्लाइट रद्द रही। एयरपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार जयपुर एयरपोर्ट से एयर अरबिया की शारजाह जाने वाली फ्लाइट जी9-436 दूसरे दिन भी संचालित हुई। यह फ्लाइट अल सुबह 3:55 बजे जयपुर से शारजाह रवाना हुई। वहीं सलाम एयर की मस्कट जाने वाली फ्लाइट ओवी-796 भी निर्धारित शेड्यूल पर सुबह 5:45 बजे जयपुर से मस्कट के लिए रवाना हुई। हालांकि स्पाइसजेट की दुबई जाने वाली फ्लाइट एसजी-57 मंगलवार को भी रद्द रही।
राजस्थान की और समाचार देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – RajasthanNews