आगरा में उ.प्र. बार काउंसिल के चुनाव शुरू: दो दिन चलेगा मतदान, 4,900 अधिवक्ता करेंगे अपने मत का प्रयोग – Agra News h3>
उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव की सरगर्मी आज चरम पर है। प्रदेश के सबसे बड़े अधिवक्ता संगठन के लिए आज से चार चरणों में मतदान शुरू हो गया है। पहले चरण के तहत आगरा जनपद में गुरुवार को मतदान की प्रक्रिया चल रही है। अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 25 सदस्यों का चयन करेंगे। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव में प्रदेश भर से कुल 333 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं आगरा जनपद से 11 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। आज और कल यानी 16 एवं 17 जनवरी को आगरा में प्रथम चरण का मतदान संपन्न होगा। प्रदेश भर में कुल 2,49,808 सीओपी (सर्टिफिकेट ऑफ प्रैक्टिस) धारक अधिवक्ता मतदान के पात्र हैं, जबकि आगरा जनपद में कुल 4,900 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। आगरा में जनपद न्यायालय (दीवानी परिसर) और फतेहाबाद कोर्ट (बाग बादशाही) में दो दिनों तक मतदान की व्यवस्था की गई है। जनपद न्यायालय में मतदान के लिए एडीजे-26 अमरजीत को तथा फतेहाबाद कोर्ट में सिविल जज किशन चंद पाण्डेय को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। दीवानी परिसर में कलेक्ट्रेट, कमिश्नरी, टेक्सेशन, तहसील सदर, किरावली और एत्मादपुर में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ता मतदान कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव चार चरणों में कराए जा रहे हैं। पहला चरण आज 16-17 जनवरी, दूसरा चरण 20-21 जनवरी, तीसरा चरण 27-28 जनवरी और अंतिम चरण 30-31 जनवरी को प्रयागराज में संपन्न होगा। आगरा जनपद से दुर्ग विजय सिंह भैया, अरविन्द मिश्रा, हरजीत अरोड़ा, सरोज यादव, राधा यादव, नेहा गुप्ता, अनुप शर्मा, मुकेश शर्मा, पूरन सिंह राजपूत, आर.एस. मौर्या एवं तेज सिंह बघेल प्रत्याशी हैं। सभी प्रत्याशी लंबे समय से प्रदेश के 80 जिलों में अधिवक्ताओं के बीच जाकर प्रथम वरीयता मत की अपील कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव में नामांकन शुल्क सांसद, विधायक और राष्ट्रपति चुनाव से भी अधिक है। प्रत्येक प्रत्याशी से 1.50 लाख रुपये नामांकन शुल्क तथा 80 जनपदों की मतदाता सूची के लिए 25 हजार रुपये बार काउंसिल द्वारा जमा कराए गए हैं। प्रचार के दौरान अधिवक्ताओं को नई कानून की पुस्तकें, डायरी, कैलेंडर आदि भी वितरित किए जा रहे हैं। दीवानी परिसर बैनर और पोस्टरों से पटा नजर आ रहा है। इस चुनाव की निगरानी सर्वोच्च न्यायालय द्वारा गठित हाई पावर कमेटी कर रही है। कमेटी के अध्यक्ष पूर्व मुख्य न्यायाधीश झारखंड न्यायमूर्ति रवी रंजन हैं। सदस्य के रूप में पूर्व न्यायाधीश इलाहाबाद हाईकोर्ट एस.आर. मसूरी और पूर्व न्यायाधीश दिल्ली हाईकोर्ट रेखा पल्ली शामिल हैं। प्रदेश के निर्वाचन अधिकारी पूर्व न्यायाधीश इलाहाबाद हाईकोर्ट अरविन्द कुमार त्रिपाठी हैं, जबकि पर्यवेक्षक के रूप में पूर्व न्यायाधीश सुरेंद्र सिंह तैनात हैं। पूर्व अध्यक्ष पी.के. सिंह की अपील उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष पी.के. सिंह ने आगरा के अधिवक्ताओं से भावुक अपील करते हुए कहा कि आगरा के अधिवक्ताओं ने उन्हें पांच बार सदस्य और एक बार अध्यक्ष बनाकर सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं को स्थानीय प्रत्याशियों को प्राथमिकता देनी चाहिए, क्योंकि जरूरत के समय स्थानीय सदस्य ही काम आते हैं। पी.के. सिंह ने कहा कि इस बार आगरा से 11 प्रत्याशी मैदान में हैं, अधिवक्ता पहले वरीयता क्रम में अपने जिले के प्रत्याशियों को मत दें, उसके बाद बाहरी प्रत्याशियों को समर्थन करें। उन्होंने विश्वास जताया कि सूझबूझ से मतदान हुआ तो आगरा से चुने जाने वाले सदस्यों की संख्या बढ़ सकती है।
उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar PradeshNews