छतरपुर में गांजा तस्करी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार: सरवई पुलिस ने रानीखेड़ा रोड पर घेराबंदी कर पकड़ा, माल और बाइक जब्त – Chhatarpur (MP) News h3>
छतरपुर में गांजा तस्करी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
छतरपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सरवई थाना पुलिस ने सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात रानीखेड़ा खुड़ेही रोड पर कार्रवाई करते हुए 800 ग्राम गांजा, एक अपाचे मोटरसाइकिल और 6000 रुपए नकद जब्त किए
.
सरवई पुलिस को क्षेत्र भ्रमण के दौरान रानीखेड़ा खुड़ेही रोड पर गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद खुड़ेही रोड नहर की पुलिया के पास बाइक से जा रहे संदिग्धों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा विक्रेता के बारे में भी जानकारी दी।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सरवई निवासी रविराज उर्फ रवि खंगार (पिता रामनरेश खंगार), ग्राम ओदी निवासी बबलू पटेल (पिता राजेश पटेल) और अम्हापुरवा थाना सरवई निवासी गांजा विक्रेता प्रेम नारायण पटेल (पिता जग प्रसाद पटेल) शामिल हैं। सरवई पुलिस ने इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की विवेचना जारी है।
यह कार्रवाई छतरपुर पुलिस की ओर से चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान का हिस्सा है। इस अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थ के संग्रह, विक्रय और परिवहन में शामिल लोगों के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
विगत महीनों में छतरपुर पुलिस ने एनडीपीएस के तहत 77 और आबकारी अधिनियम के तहत 2200 से अधिक मामले दर्ज किए हैं। इस दौरान 52 क्विंटल से अधिक अफीम के पौधे, 1100 किलोग्राम से अधिक गांजा, स्मैक, 500 से अधिक नशीली सिरप की बोतलें, 1200 से अधिक नशीली टैबलेट, 200 से अधिक इंजेक्शन और 20,000 लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त की गई है। यह कार्रवाई थाना ओरछा रोड, सटई, कोतवाली, नौगांव और सिविल लाइन पुलिस द्वारा की गई है।
इस कार्रवाई में एसडीओपी लवकुशनगर नवीन दुबे, थाना प्रभारी सरवई उप निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह यादव, सहायक उप निरीक्षक बबलू सिंह, प्रधान आरक्षक जुनैद खान, आरक्षक पवन लोधी, हफीज खान सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
