मास्टर-की से बाइक चोरी करने वाले 6 बदमाश अरेस्ट: पूर्णिया में घूम-घूम कर वारदात को देते थे अंजाम, बाइक काटकर बेच देते थे सामान – Purnia News h3>
पूर्णिया में मास्टर-की से बाइक चोरी करने वाले शातिर बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। चम्पानगर थाना की पुलिस ने इस गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए चार बाइक और मास्टर चाबी समेत चोरी के सामान बरामद किए हैं। ये गिरोह भीड़ भाड़ वाले इलाके में घू
.
बाइक चोर गिरोह के गिरफ्तार सदस्यों में अररिया के बौसी थाना क्षेत्र के तमघट्टी वार्ड नंबर-10 निवासी राजा सिंह उर्फ रघुराज प्रताप सिंह, मील चौक वार्ड नंबर 3 निवासी नीरज सिंह, बसैठी वार्ड नंबर 8 निवासी रोहित कुमार उर्फ अब्बु साले, अररिया के रानीगंज थाना क्षेत्र के ठेकपुरा वार्ड नंबर 15 निवासी विजय साह, कालाबलुआ वार्ड नंबर 3 निवासी राजीव कुमार साह और ठेकपुरा वार्ड नंबर 16 निवासी संतोष यादव शामिल हैं।
गश्ती कर रही थी पुलिस की टीम
एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए एसपी स्वीटी सहरावत ने बताया कि चंपानगर में बाइक चोर गिरोह काफी सक्रिय था। इन्हें पकड़ने के लिए पुलिस टीम की गश्त और छापेमारी जारी थी। इसी दौरान चम्पानगर बाजार पट्टी के पास एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर छुपने की कोशिश कर रहा था। शक होने पर उसे पकड़ा गया। पूछताछ में उसकी पहचान राजा सिंह उर्फ रघुराज प्रताप सिंह के रूप में हुई, जो चम्पानगर में बीते दिनों हुई बाइक चोरी की घटना में शामिल था।
पुलिस ने गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
सख्ती से पूछताछ करने पर राजा सिंह ने दोनों मामलों में चोरी की बात स्वीकार की और अपने अन्य साथियों के नाम भी बताए। उसकी तलाशी के दौरान एक मास्टर चाबी बरामद की गई। उसके निशानदेही पर रानीगंज थाना क्षेत्र के कालाबलुआ में स्थित राजीव कुमार साह की दुकान से चोरी की मोटरसाइकिल का खुला इंजन और अन्य पार्ट्स बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने विजय साह को चोरी के एक मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया।
संतोष यादव के घर से चोरी की मोटरसाइकिल के दो चेसिस, दो इंजन, एक मास्टर चाबी, नंबर प्लेट और अन्य पार्ट्स बरामद किए गए।
आगे की कार्रवाई में रोहित कुमार उर्फ अब्बु साले और नीरज सिंह को भी मास्टर चाबी और चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि बाइक चोर गिरोह के गिरफ्तार सदस्यों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
बरामद सामानों में 6 मोबाइल फोन, चार मास्टर चाबी, चार मोटरसाइकिल, तीन इंजन, दो चेसिस और बाइक के अन्य पार्ट्स शामिल हैं। सभी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में चंपानगर थानाध्यक्ष अनुपम राज, श्रीनगर थानाध्यक्ष अमर कुमार, चंपानगर थाना के एएसआई वीर विजय कुमार, चंपानगर थाना के होमगार्ड जवान शंकर पासवान, बेचन ततमा, चालक हवलदार विनय कुमार शामिल हैं।
