विधानसभा चुनाव में शानदार जीत पर जेडीयू का सम्मान समारोह: पटना दफ्तर में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता; उमेश कुशवाहा बोले- यह जीत कार्यकर्ताओं की है – Patna News h3>
विधानसभा चुनाव में मिली शानदार सफलता का श्रेय जेडीयू ने अपने जमीनी कार्यकर्ताओं को दिया है। आज शनिवार को पटना स्थित जदयू कार्यालय में पार्टी ने एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया है।
.
चुनावी माहौल में गांव–गांव, बूथ–बूथ तक पहुंचकर वोटरों को जोड़ने और पार्टी की नीतियों को घर–घर पहुंचाने वाले सैकड़ों कार्यकर्ताओं को पार्टी नेतृत्व सम्मानित कर रही है। कार्यक्रम में दोपहर करीब 3 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल होंगे।
जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा मौजूद।
‘यह सफलता कार्यकर्ताओं की है’- जदयू प्रदेश अध्यक्ष
समारोह में जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा विशेष तौर पर मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने मंच से कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और संगठनात्मक क्षमता की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के प्रयासों ने ही इस चुनाव में पार्टी को अपेक्षित से भी ज्यादा मजबूत स्थिति दिलाई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा , ‘विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली जीत किसी चमत्कार का परिणाम नहीं, बल्कि हजारों समर्पित कार्यकर्ताओं की निरंतर मेहनत का फल है’
कुशवाहा ने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में जेडीयू संगठन को और मजबूत करने के लिए ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। ताकि कार्यकर्ताओं का उत्साह बना रहे और नए चेहरे भी पार्टी से जुड़ें।
संजय झा बोले- ‘आपकी भूमिका इतिहास में दर्ज होगी’
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने अपने संबोधन में कहा, ‘कार्यकर्ताओं की मेहनत के बिना कोई भी पार्टी चुनाव नहीं जीत सकती। जेडीयू की यह जीत इस बात का सबसे बड़ा प्रमाण है। आप लोगों ने विपरीत परिस्थितियों में भी साहस नहीं छोड़ा। आपके बूथ पर आपकी मेहनत साफ दिखी और आज जेडीयू की जीत की कहानी उन्हीं बूथों से लिखी गई है। आपकी भूमिका इतिहास में दर्ज होगी।’
संजय झा ने यह भी कहा कि ‘मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं हर चुनावी समीक्षा बैठक में जमीनी कार्यकर्ताओं के महत्व पर ज़ोर देते हैं और यह सम्मान समारोह उसी भावना की निरंतरता है।’
जदयू कार्यकर्ता सम्मान समारोह में प्रदेश भर से कार्यकर्ता शामिल हुए।
आगे की तैयारी और संगठन विस्तार पर भी चर्चा
समारोह के दौरान आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और पंचायत स्तर तक जेडीयू को और मजबूत करने की रणनीति पर भी अनौपचारिक तौर पर चर्चा की गई। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट संकेत दिया कि 2026 और 2027 के चुनावी कैलेंडर को ध्यान में रखते हुए अभी से संगठनात्मक ढांचे को सशक्त किया जाएगा।
