6 साल के UKG स्टूडेंट की बाइक से टक्कर,VIDEO: पटियाला में बच्चे को स्कूल बस से अकेले उतारा, रोड पार कराने के लिए अटेंडेंट नहीं था – Patiala News h3>
बस से उतरकर आते वक्त बच्चे को टक्कर मारकर भागता बाइक सवार।
पंजाब के पटियाला में स्कूल बस से उतरते ही UKG में पढ़ रहे 6 साल के बच्चे को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। जिस वक्त बच्चा बस से उतरकर सड़क की तरफ आया, उसके साथ बस का कोई अटेंडेंट नहीं था।
.
बाइक की टक्कर से बच्चे के सिर, चेहरे और मुंह में गंभीर चोट लगी है। वहीं बाइक वाला टक्कर मारने के बाद भी रुका नहीं और तेज स्पीड में भाग निकला। बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पिता ने इस मामले में स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। हालांकि स्कूल प्रबंधन या प्रिंसिपल की तरफ से बच्चे का हालचाल तक नहीं पूछा गया। इस हादसे की एक CCTV फुटेज सामने आई है।
3 PHOTOS में देखिए पूरा हादसा…
बच्चे को उतारने के लिए स्कूल बस घर के आगे आकर रुकी।
बच्चा स्कूल बस से उतरता और घर पहुंचने की खुशी में सड़क क्रॉस करने के लिए दौड़ा
बस के पीछे से आने की वजह से बाइक सवार को बच्चा नहीं दिखा, उसने टक्कर मार दी। इसके बाद रुकने के बजाय ड्राइवर ने स्कूल बस आगे बढ़ा दी।
जानिए, 21 सेकेंड के VIDEO में क्या दिख रहा…
वीडियो में दिख रहा है कि स्कूल बस एक सड़क पर आकर रुकती है। उसमें से बच्चा उतरता है। इस दौरान उसके साथ कोई दूसरा बच्चा या स्कूल बस का अटेंडेंट नहीं दिखाई देता। बच्चा दौड़ते हुए रोड क्रॉस कर घर की तरफ जाने लगता है। जैसे ही वह बस के पीछे से घूमते हुए सड़क पर निकलता है तो बस के साइड से आ रही तेज रफ्तार बाइक उसे टक्कर मार देती है।
अचानक बच्चे को टक्कर लगने से बाइक वाला चलते हुए पीछे तो मुड़कर देखता है लेकिन वहां रुकता नहीं है। तभी बस से कुछ और बच्चे उतरते हैं और तुरंत बच्चे को देखने के लिए दौड़ते हैं। इस दौरान बस का ड्राइवर बेपरवाही से बस लेकर आगे जाता हुआ दिखाई देता है। हालांकि वह चला गया या रुका, इसका पता नहीं चल पाया क्योंकि वीडियो यहीं तक का सामने आया है।
सड़क हादसे में घायल हुआ बच्चा।
बच्चे के पिता ने क्या कहा..
- भवानीगढ़ में पढ़ता बच्चा, स्कूल बस से आता-जाता: बच्चे के पिता सरजीत सिंह ने कहा कि उसका 6 साल का बेटा गुरसत्कार सिंह भवानीगढ़ के गाजीपुर में एक प्राइवेट स्कूल में UKG में पढ़ता है। स्कूल आने-जाने के लिए उन्होंने स्कूल की ही बस को हायर किया है। पिता ने कहा कि मंगलवार को जैसे ही बच्चा बस से उतरकर आने लगा तो बाइक ने टक्कर मार दी। जिससे उसके शरीर के कई हिस्सों पर चोट आई। सबसे ज्यादा गंभीर हालत उसके चेहरे की है।
- स्कूल प्रबंधन जिम्मेदार, छोटे बच्चों की मदद के लिए अटेंडेंट नहीं: पिता सरजीत सिंह ने कहा कि उसके बच्चे के साथ हुए हादसे के लिए स्कूल प्रबंधन भी जिम्मेदार है। जिस स्कूल बस में इतने छोटे बच्चे आते-जाते हों, उसमें कोई अटेंडेंट नहीं था, जो बच्चों को सुरक्षित उतारकर सड़क पार कराने में मदद करता। यही वजह रही कि उनके बच्चे का एक्सीडेंट हो गया। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
