दोपहर में भी बड़े भाई ने पीटा था भाई को: आगरा में मृतक के परिजन मांग रहे इंसाफ, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक वजह – Agra News h3>
एक ही परिसर में दोनों भाइयों के परिवार रहते हैं
आगरा में भाई पर भाई की हत्या मामले में परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। मृतक के बेटे ने कहा कि उन्हें इंसाफ चाहिए। जबकि पोस्टमार्टम में मौत की वजह हार्ट अटैक आया है।
.
थाना एत्मादुद्दौला क्षेत्र के नुनिहाई लिंक रोड पर पारिवारिक जमीन को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद चल रहा है। बाइक रिपेयरिंग का काम करने वाले राजेंद्र सिंह (45) के भाई साहब सिंह पर हत्या का आरोप है। परिवार ने आरोप लगाया कि बड़े भाई साहब सिंह और उनके बेटों ने राजेंद्र सिंह पर हमला किया। छाती और पेट पर घूंसे मारे, जिससे राजेंद्र सिंह बेहोश होकर गिर पड़े। तीन अस्पतालों में लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। जबकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हार्ट अटैक आया है।
मृतक राजेंद्र सिंह की फोटो
राजेंद्र के बेटे अमित कुशवाहा ने बताया कि दादा तेज सिंह की 1200 वर्गगज जमीन है। जिस पर ताऊ साहब सिंह ने कब्जा कर पार्किंग बना रखी थी। ई-रिक्शा, ऑटो आदि खड़ा करवाते हैं। उससे होने वाली आमदनी खुद रखते हैं। ऑटो और ई-रिक्शा चालक शराब पीकर हंगामा करते थे, जिस लेकर पिता विरोध करते थे।
घर के बाहर बैठी महिलाएं
दो दिन पहले राजेंद्र ने नगर निगम में अवैध पार्किंग की शिकायत की थी, जिससे ताऊ नाराज हो गए थे। इससे पहले राजेंद्र सिंह मुख्यमंत्री तक से शिकायत कर चुके थे। शनिवार दोपहर में भी ताऊ साहब सिंह और उनके बेटे विजय प्रताप, जनक सिंह व प्रमोद ने पिता से मारपीट की। किसी तरह बचकर घर पहुंचे राजेंद्र ने परिवार को घटना बताई। देर रात आरोपी फिर आए और गेट खुलवाकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था, जिसमें मौत का कारण हार्ट अटैक आया है। वहीं, आरोपी साहब सिंह अपने परिवार के साथ फरार है।
नगर निगम से हुआ था दो बार आदेश इस साल 30 अगस्त को राजेंद्र सिंह की शिकायत के आधार पर नगर निगम के पार्किंग अधिकारी ने पार्किंग बंद कराने के लिए थाना एत्माउद्दौला इंस्पेक्टर को पत्र लिखा था। इसके बाद भी पार्किंग बंद नहीं हुई। इसके बाद 29 अक्टूबर को भी नगर निगम की तरफ से पत्र जारी हुआ था, लेकिन पार्किंग खत्म नहीं हुई।
