Bihar Crime: सीवान में थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर कुख्यात लाली यादव की गोली मारकर हत्या, इलाके में सनसनी h3>
सीवान जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित चैनपुर बाजार में सोमवार की शाम अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चैनपुर गांव निवासी कुख्यात दिनेश लाल यादव उर्फ लाली यादव की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित मंदिर के पास हुई। इस वारदात के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल फैल गया।
ताबड़तोड़ फायरिंग कर अपराधी फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लाली यादव मंदिर के पास मौजूद था, तभी दो बाइक पर सवार चार अपराधी पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोली लगने से लाली यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए।
पढ़ें: नालंदा में पंचर पहिया बदलते समय कंटेनर ने ट्रैक्टर में मारी टक्कर, ड्राइवर की मौत; मालिक गंभीर
घटना स्थल पर हंगामा, दुकाने बंद
हत्या की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। डर के मारे दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद कर दीं और बाजार पूरी तरह से सुनसान हो गया। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, कुछ आक्रोशित लोग सड़क पर उतर आए और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लिया। खबर लिखे जाने तक मृतक का शव घटनास्थल पर ही पड़ा था। सीवान के एसपी मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि “चैनपुर में गोली मारकर हत्या की सूचना मिली है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा। इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर छापेमारी तेज कर दी है।
सीवान में प्रेम प्रसंग को लेकर चाकूबाजी, एक युवक की मौत, दो घायल
सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के हथिगाई गांव में सोमवार की शाम प्रेम प्रसंग को लेकर दो पक्षों में हुई चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से पूरे गांव में तनाव फैल गया है।
पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र प्रसाद का पुत्र दीपक कुमार शंकर चौहान की बेटी के साथ प्रेम संबंध में था। दोनों कुछ समय पहले घर से भागकर शादी भी कर चुके थे। इसके बाद लड़की पक्ष ने दीपक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बताया जाता है कि जमानत की प्रक्रिया को लेकर दीपक हाल ही में गांव लौटा था। सोमवार की शाम दीपक बाजार में पकौड़ी खरीदने गया, तभी लड़की पक्ष के राजू चौहान और बिट्टू चौहान ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। बचाव में दीपक ने भी चाकू चला दिया, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सिवान सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां से दीपक और राजू को पटना रेफर कर दिया गया, लेकिन अस्पताल से निकलते ही रास्ते में दीपक ने दम तोड़ दिया। राजू और बिट्टू का इलाज जारी है।

